शेरांवाली नहर में कटाव के बाद बहता पानी।
चोपटा। गांव दड़बा कलां के समीप वीरवार दोपहर शेरांवाली नहर का किनारा अचानक धंसने से करीब 40 फीट तक कटाव हो गया। नहर का पानी तेजी से आसपास के खेतों में फैल गया जिससे करीब 25 एकड़ में धान की फसल जलमग्न हो गई। खेतों में काम कर रहे किसानों ने घटना की सूचना सिंचाई विभाग को दी। इसके बाद विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर नहराना हेड से पानी बंद करवाया।
जानकारी के अनुसार 31 हजार बर्जी के पास वीरवार करीब तीन बजे नहर में अचानक कटाव शुरू हुआ। कुछ ही देर में पानी खेतों की ओर बहने लगा, जिससे किसानों में हड़कंप मच गया। सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि नहर टूटने से करीब पांच मिनट पहले ही वे इसी स्थान से होकर गुजरे थे। उस समय नहर का किनारा पूरी तरह सुरक्षित नजर आ रहा था। इसके बाद अचानक किनारा धंसने से कटाव हो गया।
सूचना मिलने पर विभागीय कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पानी का बहाव रुकवाने के प्रयास किए। अधिकारियों के अनुसार नहर में पानी का बहाव पूरी तरह बंद होने के बाद कटाव वाले हिस्से की मरम्मत शुरू की जाएगी। फिलहाल खेतों में पानी का फैलाव रोकने के लिए विभाग की टीम मौके पर निगरानी कर रही है।