फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirsa News: पेंशन हड़पने के मामले में शाखा प्रबंधक को किया सस्पेंड, जांच के लिए एसआईटी गठित

Wed, 27 Nov 2024 11:47 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा
विज्ञापन
पैक्स सोसायटी का कार्यालय। संवाद। 
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

ओढां। दि सिरसा सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक की ओढां शाखा के प्रबंधक को पेंशन हड़पने के मामले में निलंबित कर दिया गया है। सिरसा महाप्रबंधक कार्यालय की ओर से निलंबन के आदेश शाखा में भेज दिए गए हैं। वहीं इस मामले की जांच के लिए एसआईटी भी गठित कर दी गई है।
आरोपी ब्रांच मैनेजर राकेश शर्मा को फरवरी में सेवानिवृत्त होना था। उक्त ब्रांच मैनेजर का धोखाधड़ी के आरोपों से पुराना नाता रहा है। उस पर शाहपुर बेगू व पनिहारी में भी धोखाधड़ी के आरोप लगे थे। इसके बाद विभाग ने उसके 4 इंक्रीमेंट रोक दिए थे। उक्त अधिकारी ने जैसे-तैसे कर न केवल मामलों को रफा-दफा कर दिया, बल्कि इंक्रीमेंट भी बहाल करवा लिए।
विज्ञापन


मामले के अनुसार गांव किंगरे निवासी एक विधवा महिला ने कुछ दिन पूर्व शिकायत दी थी कि ओढां शाखा प्रबंधक ने रविवार को अवकाश के दिन उसके घर आकर खाली वाउचर पर उसके हस्ताक्षर करवा लिए और कहा कि अगर उनसे कोई पूछे तो ये कहना है कि उसे पेंशन मिल गई। इसके बाद वह पेंशन के बैंक के चक्कर काटती रही। महिला का आरोप है कि बार-बार चक्कर काटने पर शाखा प्रबंधक ने उसे जवाब दिया कि जहां उसका पति चला गया, वहीं उसकी पेंशन भी चली गई। इसके बाद महिला ने जनता अधिकार मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष जसविंद्र सिंह बब्बू को सारी जानकारी दी।
मंगलवार को ओढां शाखा में अन्य वृद्धा की इसी तरह की शिकायत पर जांच के लिए सिरसा कार्यालय से असिस्टेंट मैनेजर व अन्य लोग आए थे। पिछले कुछ दिनोंं से शाखा प्रबंधक छुट्टी पर चल रहा था, लेकिन जांच के सिलसिले में वह कार्यालय में आया हुआ था। सूत्रों के मुताबिक शाखा प्रबंधक ने मौका पाकर उक्त वृद्धा को 3 माह की पेंशन की 9 हजार रुपये की राशि दे दी और ये कहा कि वह अधिकारियोंं के समक्ष यह कहे कि उससे ही भूल हो गई थी। इसी दौरान जनता अधिकार मोर्चा के पदाधिकारी द्रौपदी देवी को साथ लेकर कार्यालय में पहुंच गए। मामला बढ़ता देख शाखा प्रबंधक ने यह कहकर द्रौपदी देवी को 6 हजार रुपये दे दिए कि उससे कोई कागजी त्रुटि रह गई होगी।
ये मामला निपटने ही वाला था कि गांव ओढां से गुरमीत सिंह ने ब्रांच मैनेजर पर पेंशन हड़पने के आरोप जड़ दिए। उसने कहा कि ब्रांच मैनेजर ने उसके मृतक पिता की पेंशन के 3 हजार रुपये देकर खाली वाउचर पर हस्ताक्षर करवा लिए थे। बाद में मैनेजर ने मनमर्जी से वाउचर में 6 हजार रुपये भर दिए। इन आरोपों के बाद मोर्चा के पदाधिकारियों व अन्य लोगों ने ब्रांच मैनेजर पर कार्रवाई की मांग करते हुए असिस्टेंट मैनेजर को शिकायत पत्र सौंपा।
-
2019-20 में शाहपुर बेगू व 2016-17 में पनिहारी में भी लगे थे धोखाधड़ी के आरोप
आरोपी शाखा प्रबंधक राकेश शर्मा पर इससे पहले भी कई बार इस तरह से आरोप लगे चुके हैं, लेकिन हर बार वह जैसे-तैसे कर बचता रहा। आरोपी पर वर्ष 2019-20 में शाहपुर बेगू में ब्रांच मैनेजर के पद पर रहते हुए पेंशन धारकों की पेंशन इसी तर्ज पर हड़पने के आरोप लगे थे। 2016-17 में पनिहारी ब्रांच में रहते हुए उक्त ब्रांच मैनेजर ने लोगों को व्यक्तिगत ऋण देने के नाम पर धोखाधड़ी की थी। मामला सामने आने के बाद विभाग ने उसका 4 वर्ष का इंक्रीमेंट (वार्षिक वेतन वृद्धि) रोक दिया था। फिर उसने जैसे-तैसे कर सांठगांठ करते हुए मामला रफादफा कर दिया। अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए आरोपी ने दोबारा से वेतन वृद्धि पुन: बहाल करवाते हुए पिछला पूरा बकाया ले लिया। सूत्रों के मुताबिक ये बकाया आरोपी ने करीब 2 माह पूर्व भी लिया है। इसके बाद आरोपी ने ओढां ब्रांच में फिर से ये खेल शुरू कर दिया। लोगों का कहना है कि अगर इस विषय में निष्पक्ष जांच होती है तो आरोपी के और भी घोटाले सामने आ सकते हैं।


-
बॉक्स

मेरी ड्यूटी पन्नीवाला मोटा शाखा में है। ओढां शाखा मैनेजर राकेश शर्मा के छुट्टी पर होने के कारण मुझे 18 नवंबर को चार्ज दिया गया था। मुझे इस विषय में कोई जानकारी नहीं कि शाखा प्रबंधक ने क्या धोखाधड़ी की। मंगलवार को सिरसा मुख्यालय से अधिकारी एक शिकायत की जांच के लिए आए थे। इसलिए मैं भी वहां मौजूद था। इसी दौरान लोगों ने जांच अधिकारी अभय जिंदल को शिकायत पत्र सौंपा था। इस विषय में जो भी कार्रवाई है वो महाप्रबंधक कार्यालय की तरफ से की गई है। - इंद्रपाल बिश्नोई, कार्यवाहक ब्रांच मैनेजर (ओढां ब्रांच)
विज्ञापन



बॉक्स :-

ओढां के शाखा प्रबंधक राकेश शर्मा के खिलाफ शिकायत मिली थी। इसके बाद उसे सस्पेंड कर दिया गया है। मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। - ऋषिपाल, महाप्रबंधक (सीबी सिरसा)
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें