सिरसा। सिरसा ब्लाॅक समिति के चेयरमैन को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने ठेकेदार से 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। एंटी करप्शन ब्यूरो ने चेयरमैन के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। इस मामले में पंचायत विभाग के ठेकेदार राजकुमार ने एंटी करप्शन ब्यूरो को शिकायत दी थी।
राजकुमार ने बताया था कि उसने गांव कंवरपुरा में पंचायत समिति के द्वारा जारी कार्यों को किया था। इनमें गांव में दो गलियां बनाई गई थी और गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की दीवार को ऊंचा करवाया गया था। इसके बिल पंचायत समिति चेयरमैन कृष्ण पास नहीं कर रहे थे। उसने बताया कि करीब 8-9 माह से यह बिल अटकाए हुए हैं और पास करने के लिए उससे 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।
राजकुमार ने बताया कि वह कई बार चेयरमैन से आग्रह भी कर चुका है कि बिल पास कर दो, लेकिन वह पहले रिश्वत के रुपये मांग रहा है। शिकायत के बाद एनसीबी की टीम का गठन किया गया और शुक्रवार को टीम ने 40 हजार के केमिकल व हस्ताक्षरयुक्त नोट राजकुमार को देकर चेयरमैन को देने के लिए कहा।
राजकुमार ने चेयरमैन से संपर्क किया तो उसने सिरसा के एयरफोर्स स्टेशन के पास स्थित अपनी दूध की डेयरी पर राजकुमार को बुला लिया। जैसे ही राजकुमार ने चेयरमैन को रुपये पकड़ाए तो एनसीबी की टीम ने मौके पर ही उनको 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू कर लिया।