सिरसा। शहीदों के सम्मान ने बीजेपी ने 15 अगस्त को तिरंगा यात्रा निकाल। जिसमें शामिल होने जिलेभर से युवा किसान, महिलाएं और व्यापारी वर्ग से काफी लोग पहुंचे। तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए युवा मोटरसाइकिल, ट्रैक्टर और कारों पर तिरंगा लगाकर सीडीएलयू के समक्ष स्थिति दशहरा ग्राउंड में एकत्र हुए।
तिरंगा यात्रा में भाजपा अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ और सांसद सुनीता दुग्गल मुख्य अतिथि रहे। इस दौरान उन्होंने युवाओं में देश भक्ति का जोश भरते हुए कहा कि तिरंगा हमारी आजादी, स्वाभिमान और संघर्ष का प्रतीक है। देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज अनाम शहीदों को श्रद्धांजलि के साथ आजादी के अमृत महोत्सव का शुभारंभ हो गया है। आजादी का यह 75वां साल अनाम शहीदों के नाम होगा।
इतिहास उठाओगे तो जर्रा-जर्रा रंगा है बलिदानियों के रक्त से
तिरंगा यात्रा पूरे जोश, उत्साह व ढोल नगाड़ों से सीडीएलयू दशहरा ग्राउंड से शुरू होकर डबवाली रोड से होते हुए अंबेडकर चौक, ओवरब्रिज से बस स्टैंड, बाल भवन, भूमण शाह चौक, दक्ष प्रजापति चौक होते हुए लघु सचिवालय स्थित शहीदी स्मारक पर संपन्न हुई। धनखड़ ने कहा कि अनाम शहीदों का बलिदान और देश के विभाजन की त्रासदी की पीड़ादायक कथा युवा पीढ़ी के समक्ष लाने का सही समय आ गया है। युवा पीढ़ी को यह पता होना चाहिए कि देश की आजादी और तिरंगे की शान के लिए हमारे ज्ञात-अज्ञात वीरों ने कैसे असहनीय यातनाएं झेली।
तिरंगा यात्रा में सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता अपने अनाम वीरों और देश के विभाजन की त्रासदी के इतिहास की जानकारी जुटाने में जुटेगा और युवा पीढ़ी को यह बताएगा कि कैसे हमारे ज्ञात-अज्ञात लाखों बलिदानियों ने मां भारती को आजाद कराने के लिए पीड़ा झेली। सिरसा जिला अध्यक्ष आदित्य देवीलाल चौटाला ने प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, सांसद सुनीता दुग्गल सहित पार्टी पदाधिकारियों, तिरंगा यात्रा में पहुंचे युवाओं, किसानों, महिलाओं का स्वागत करते हुए कहा कि तिरंगा यात्रा ने प्रदेश के युवाओं में नया जोश पैदा करने का काम किया है।
ये रहे मौजूद
तिरंगा यात्रा में पूर्व विधायक मक्खन लाल सिंगला, रामचंद्र कंबोज, बलकौर सिंह, पूर्व चेयरमैन जगदीश चोपड़ा, गुरदेव सिंह राही, रेणू शर्मा, अमीर चंद मेहता, रेलवे बोर्ड के सदस्य यतिंद्र सिंह एडवोकेट, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रदीप रातुसरिया, देव कुमार डबवाली, भूपेश मेहता, पद्म जैन, युवा भाजपा नेता अमन चोपड़ा, सुनील बामणिया, कपिल सोनी, एमसी सुमन शर्मा, सुनील बहल, निताशा सिहाग, पिंकी, आशा जैन, बिमला सिंवर, सुरेंद्र आर्य, भूरा राम डूडी, तरुण गुलाटी, मुकेश मेहता, तरसेम सामा, ओमप्रकाश हाडा, प्रदेश सचिव सरोज सिहाग, जसविंद्र, कौशल्या, गीता सहारण, भावना शर्मा, दर्शना बामणिया, राजेंद्र लोहिया सहित भारी संख्या में युवा शक्ति, किसान और महिलाएं भागीदार बनी।
बीजेपी द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा के दौरान ट्रैक्टर पर सवार बीजेपी अध्यक्ष ओपी धनखड़ - फोटो : Sirsa