स्टेट बैंक के समक्ष हड़ताल पर बैठे बैंककर्मी।
- फोटो : Sirsa
सिरसा, डबवाली। बैंकों के निजीकरण के विरोध में देशभर में चल रही दो दिवसीय हड़ताल के दूसरे दिन भी कर्मचारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा बंदी करते हुए जमकर नारेबाजी की और धरने पर डटे रहे। राष्ट्रव्यापी हड़ताल के दूसरे दिन सिरसा के डबवाली रोड स्थित एसबीआई बैंक के समक्ष कर्मचारियों ने धरना दिया और रोष मार्च निकालते हुए सांगवान चौक से डबवाली रोड स्थित मारुति के शोरूम तक पहुंचे। वहीं दो दिनों से हड़ताल के कारण करीब 300 करोड़ का लेनदेन प्रभावित हुआ है। ऐसे में कई लोगों को इस कारण परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को अब बैंक खुलेंगे। जिससे लोगों को राहत मिलेगी।
वहीं डबवाली में भी हड़ताल का व्यापक असर देखने को मिला। जहां डबवाली बैंकर्स क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्यों द्वारा यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर चौटाला रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। डबवाली बैंकर्ज क्लब के प्रधान नवदीप बंसल ने बताया कि देशभर में बैंककर्मी निजीकरण के विरोध में हड़ताल पर है। उन्होंने कहा कि बैंक इस देश की राष्ट्रीय संपत्ति है। इसे निजी हाथों में बेचने का हम मुखर विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि हम जानते हैं कि हड़ताल से आम आदमी को थोड़ी असुविधा होगी, लेकिन उनकी जमापूंजी निजी हाथों में जाने से बचाने के लिए हम सबको मिलकर ये लड़ाई लड़नी होगी। नवदीप बंसल ने कहा कि बैंकों का राष्ट्रीयकरण मजबूत अर्थव्यवस्था की निशानी है ताकि आम लोगों की गाढ़ी कमाई सुरक्षित रखी जा सके। लेकिन केंद्र सरकार अपने पूंजीपति मित्रों को खुश रखने के लिए बैंक कर्मचारी और आम लोगों के हितों को दरकिनार कर बैंकों का निजीकरण कर रही। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। इस मौके मनदीप सिंह, राकेश कुमार, हर्षल गर्ग, शैंपी सरदाना, पंकज अरोड़ा, मनप्रीत सिंह, भूपिंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।