गांव नाथूसरी कलां क्षेत्र में दो नाबालिग बहनें बालिका वधू बनने से बच गई। परिजनों ने दोनों बहनों की शादी 27 जून को तय कर रखी थी। एक जागरूक नागरिक ने सीएम विंडो पर इसकी शिकायत की। प्रशासन ने एक्शन लेते हुए प्रस्तावित शादी को रुकवा दिया। सीएम विंडो पर दी शिकायत में एक व्यक्ति ने बताया कि नाथूसरी कलां में दो सगी बहनों की शादी 27 जून को होने वाली है लेकिन दोनों बहनों की आयु 18 वर्ष से कम है।
पुलिस अधीक्षक सतेंद्र गुप्ता ने चौपटा थाना प्रभारी परमजीत सिंह व बाल विवाह निषेध अधिकारी रेखा अग्रवाल को मौके पर भेजा। उक्त अधिकारियों ने परिजनों से दोनों बहनों के आयु संबंधित दस्तावेज मांगे। दस्तावेज में दोनों की आयु 18 साल से कम थी। परिजनों को समझाया गया कि नाबालिग की शादी करना अपराध है और ऐसा करने पर दो साल तक की सजा हो सकती है। परिजनों ने अधिकारियों को लिखित में शपथ पत्र दिया कि बेटियों की शादी उसकी उम्र 18 साल होने के बाद ही करेंगे।