-नारियल विक्रेता के संघर्ष व शोर मचाने के बाद दो नकाबपोश युवक भागे
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली(सिरसा)। नागरिक अस्पताल के पास रेहड़ी फड़ी लगाकर गुजर बस करने वाले उत्तरप्रदेश के बरेली निवासी सलीम पर अज्ञात नकाबपोश दो युवकों ने हमला कर दिया। सोये हुए सलीम को दबोचकर उसके मुंह पर बैठ गया और मारने का प्रयास किया। सलीम के संघर्ष करने व पैसा नहीं देने पर युवकों ने उसके साथ मारपीट की। उसके शोर मचाने पर हमलावर उसे अधमरा कर भाग गए।
इस संबंध में पीड़ित सलीम ने बताया कि वो पिछले कई वर्षों से डबवाली के सरकारी अस्पताल के पास नारियल बेचने का काम करता है। शुक्रवार देर रात को करीब 2 बजे वह अपने ठिकाने पर सो रहा था, तभी अचानक एक युवक उसके मुंह पर आकर बैठ गया। उसका दम घुटने लगा, उसने जैसे-तैसे खुद को छुड़ाने के लिए संघर्ष किया।
सलीम के अनुसार हमलावर दो युवक थे जिन्होंने अपने मुंह ढक रखे थे। युवकों ने उससे पैसों की मांग की और पैसे न मिलने पर उसे लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। जब सलीम ने हिम्मत जुटाकर एक हमलावर का नकाब खींचने की कोशिश की, तो पकड़े जाने के डर से दोनों वहां से भाग गए। सलीम ने बताया कि उसकी किस्मत अच्छी थी कि वह इस घटना से बच गया।