संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले के गांव हांडी खेड़ा के जवान 31 वर्षीय अमित कसाना की उत्तरप्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित कैंट में हार्ट अटैक से मौत हो गई। शुक्रवार को उसका पार्थिव शरीर गांव हांडी खेड़ा में पहुंचेगा। यहां पर उसका सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। जवान की मौत की सूचना मिलने के बाद गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।
गांव हांडीखेड़ा निवासी रामजीलाल का बेटा अमित कसाना 12वीं के बाद 19 वर्ष की आयु में सिपाही के पद भर्ती हुए था। 12 वर्ष से वह फौज में अलग-अलग स्थानों पर ड्यूटी पर तैनात रहा। करीब एक वर्ष पहले ही उसकी पोस्टिंग प्रयागराज जिले में स्थित कैंट में हुई थी। यहां पर वह लांस नायक के पद पर तैनात था। बुधवार रात को हार्ट अटैक से उसकी मौत हो गई। अमित की करीब 11 वर्ष पहले शादी सिरसा निवासी सुशमा के साथ हुई थी। उनके दो लड़के हैं। इसमें नौ वर्षीय चिराग जोकि पांचवीं कक्षा में पढ़ता है और छोटा बेटा सात वर्षीय आरव दूसरी कक्षा में पढ़ता है।
10 दिन पहले ही घर से ड्यूटी पर गया था अमित
अमित के चचेरे भाई अजय ने बताया कि बचपन से ही अमित फौज में भर्ती होने के लिए तैयारी करता था। अमित को क्रिकेट खेलने का भी शौक था। उनके पिता पांच भाई थे। इनमें उनके पिता रामजीलाल व उनके भाई राजकुमार और रामकिशन फौज से सेवानिवृत्त हैं। अमित का चचेरा भाई राकेश भी फौज में है। अमित के भर्ती होने के बाद उनकी पहली पोस्टिंग फतेहगढ़ में हुई। यहां पर उन्हें ट्रेनिंग दी गई। एक महीने की छुट्टी के बाद वह दस दिन पहले ही घर से ड्यूटी पर गया था।