सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में यूजी और पीजी की 2,666 सीटों के लिए अब छात्र 13 और 14 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विवि प्रशासन ने भले ही छात्र हितों को देखते हुए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है, लेकिन यह ही कहीं न कहीं विवि प्रशासन के लिए नुकसानदेह साबित होगी।
सभी कॉलेजों में फिजिकल काउंसलिंग हो चुकी है और विवि की काउंसलिंग का इस आखिरी दौर में छात्र इंतजार कर रहे थे। ऐसे में जब तक विवि प्रशासन काउंसलिंग करेगा तब तक 70 प्रतिशत तक बच्चे दाखिला कॉलेजों में ले चुके होंगे। यही कारण है कि लॉ कॉलेज में सबसे ज्यादा विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। इसके उलट कई कोर्सों में दो से तीन आवेदन ही आए हैं।
किसी कोर्स में एक भी आवेदन नहीं हुआ है। डिप्लोमा कोर्साें के लिए रुझान कम देखने को मिला है। नौ जुलाई तक बीएएलएलबी पांच वर्षीय प्रोग्राम कोर्स में सबसे ज्यादा युवाओं का रुझान देखने को मिला है। कुल 120 सीटों को लेकर 402 आवेदन आए हैं। वहीं, बीकॉम प्रोग्राम 168 आवेदन, बीबीए 141 व बीसीए के लिए 108 आवेदन आए हैं।
बीएससी फिजिकल हेल्थ एंड स्पोर्ट्स एजुकेशन के लिए 111 आवेदन आए हैं। एलएलएम दो वर्षीय प्रोग्राम की 30 सीटों के लिए 90 आवेदन व एमपीएड की 30 सीटों के लिए 88 आवेदन आए हैं। इसी प्रकार पीजी डिप्लोमा इन योग, एमएससी जियोग्राफी, बीएससी फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी, एमए साइकोलॉजी, एमए इंग्लिश आदि कोर्सेज के प्रति भी विद्यार्थियों का अच्छा रुझान देखने को मिल रहा है।
इन कोर्सों के प्रति रुझान कम
कोर्स आवेदन
- डिप्लोमा कोर्स इन फ्रेंच में - 00
- एमएसई पर्यावरण में- 02
- एमपीए म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंटल - 02
- एमए संस्कृत - 10
- थियेटर टेलीविजन सिनेमा - 03
- एमएससी बायोटैक - 10
इस प्रकार रहेगा यूजी का काउंसलिंग शेड्यूल
पहली काउंसलिंग - 15 जुलाई
फीस जमा होगी - 17 जुलाई, 5 बजे तक।
दूसरी काउंसलिंग - 18 जुलाई
फीस जमा होगी - 20 जुलाई शाम 5 बजे तक
तीसरी काउंसलिंग - 21 जुलाई
फीस जमा होगी - 22 जुलाई शाम 5 बजे तक
खाली सीटों की सूची जारी होगी - 22 जुलाई को
फिजिकल काउंसलिंग - 23 जुलाई को दोपहर 12 बजे
फीस जमा होगी - 24 जुलाई शाम 5 बजे तक
इस प्रकार रहेगा पीजी की काउंसलिंग शेड्यूल
पहली काउंसलिंग - 16 जुलाई
फीस जमा होगी - 186 जुलाई, 5 बजे तक।
दूसरी काउंसलिंग - 19 जुलाई
फीस जमा होगी - 21 जुलाई शाम 5 बजे तक
तीसरी काउंसलिंग -22 जुलाई
फीस जमा होगी -23जुलाई शाम 5 बजे तक
खाली सीटों की सूची जारी होगी - 23 जुलाई को
फिजिकल काउंसलिंग -24 जुलाई को दोपहर 12 बजे
फीस जमा होगी - 25 जुलाई शाम 5 बजे तक
विशेष रूप से लगाए गए हैं हेल्प डेस्क
विवि प्रशासन की ओर से बच्चों को होने वाली परेशानियों को पूरी तरह से खत्म करने का प्रयास किया गया है। प्रत्येक विभाग में हेल्प डेस्क लगाया गया है। मुख्य गेट पर भी बाहर से आने वाले विद्यार्थियों को असुविधा न हो। इसलिए विद्यार्थियों को विभागों के बारे में सही तरह से जानकारी देने के लिए आदेश दिए गए हैं, ताकि किसी विद्यार्थी को परेशान न हो। इसलिए शिक्षक भी हर समय कार्यालय व विभागों में उपस्थित रहेंगे।
-
विभिन्न दाखिला कमेटियों के संयोजकों एवं विभागाध्यक्षों को दाखिला प्रक्रिया के लिए गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यार्थियों की मांग पर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया का शेड्यूल आगे बढ़ाया गया है।
- प्रो. विजय कुमार, कुलपति, सीडीएलयू।