सिरसा। गांव जमाल में सोलर प्लांट के ठेकेदार सुभाष चंद्र की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी विजय कुमार उर्फ गोकुल को गिरफ्तार किया है। फतेहाबाद जिले की भूना तहसील के गांव जांडली कलां निवासी विजय की मुलाकात हत्याकांड में शामिल राकेश कुमार से वर्ष 2019 में हिसार जेल में हुई थी।
उस समय विजय लड़की के अपहरण के मामले में जेल में बंद था। जेल में हुई दोस्ती के बाद राकेश कुमार सोलर प्लांट में 15 हजार रुपये मासिक वेतन पर काम करने लगा था। पुलिस अब विजय से पूछताछ कर हत्याकांड की साजिश और अन्य आरोपियों की भूमिका का पता लगाएगी।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) दीपक सहारन ने बताया कि 6 अक्तूबर 2026 को गांव जमाल में राजस्थान सीमा के पास हैक्सा सन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड का सोलर प्लांट स्थापित किया जा रहा था। यहां ठेकेदारी का काम करने वाला सुभाष चंद्र दोपहर करीब डेढ़ बजे प्लांट में बैठा था। इसी दौरान दो-तीन युवक वहां पहुंचे और उसे गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी भागा गए। गंभीर रूप से घायल सुभाष चंद्र को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता भादर राम निवासी गांव जमाल की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल सहित 10 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की। नाथूसरी चौपटा थाना प्रभारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रविवार को विजय कुमार उर्फ गोकुल को गिरफ्तार किया।
राहुल को 24 घंटे में किया था गिरफ्तार
एसपी ने बताया कि पुलिस मुख्य आरोपी राहुल निवासी गांव जमाल को वारदात के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर चुकी है। उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई थी। अब विजय कुमार से पूछताछ के आधार पर हत्याकांड की पूरी साजिश और अन्य आरोपियों की संलिप्तता का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।