सिरसा। आंगनबाड़ी वर्कर्स और हेल्पर्स ने चेतावनी दी है कि सोमवार तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती तो वे भूख हड़ताल शुरू करेंगी। पहले दिन आठ ब्लॉक की 16 वर्कर्स व हेल्पर भूख हड़ताल पर बैठेंगी। आंगनबाड़ी वर्कर व हेल्पर यूनियन के बैनर तले मांगों को लेकर शनिवार को बरनाला रोड स्थित लघु सचिवालय के समक्ष धरना दिया गया और सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2018 में वर्कर्स के मानदेय में 1500 रुपये व हेल्पर्स के मानदेय में 750 रुपये की वृद्धि की थी। साथ ही हरियाणा सरकार ने कुशल व अर्द्ध कुशल कुशल का दर्जा देने का वायदा किया था। लंब समय बीतने के बावजूद दोनों वादों पर अमल नहीं किया गया है। इसी के चलते वर्कर व हेल्पर 94 दिनों से धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं होती तो सोमवार से सिरसा में धरना स्थल पर भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। आंगनबाड़ी वर्कर्स यूनियन की सदस्य अनुसुइया ने बताया कि उपरोक्त मांगों को लेकर वे लगातार धरने पर हैं। अगर सोमवार तक मांग पूरी नहीं होती तो सिरसा जिला के 8 ब्लाकों की 16 वर्कर्स भूख हड़ताल शुरू करेंगी। आंदोलन तेज किया जाएगा और जब तक सरकार मांगे मान नहीं लेती तब तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर तालाबंदी रहेगी।