सिरसा। स्कूलों में नया शिक्षा सत्र शुरू हो गया है। जिसके तहत शिक्षा विभाग ने नए सत्र के आरंभ होते ही सभी प्राइमरी स्कूलों में निपुणता हरियाणा मिशन का आरंभ कर दिया है। निदेशालय द्वारा नए शैक्षणिक वर्ष और निपुण हरियाणा एफएलएन मिशन के संबंध में निर्देश भी जारी किए हैं। जिसके तहत विद्यालयों में आनंदमय और आकर्षक तरीकों से पढ़ाई करवाने के लिए व्यवस्था बनाई गई है।
विद्यालयों में आयोजित ये कार्यक्रम विशेष रूप से कक्षा पहली से तीसरी कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए बनाया गया है। कक्षा एक के छात्रों के लिए स्कूल की तैयारी को बढ़ाने के लिए विद्या प्रवेश के अंतर्गत गतिविधियों पर अधिक बल दिया गया है। इसके साथ ही रीडिंग कैंपेन के अंतर्गत कुछ गतिविधियों को करवाया जाना है। कक्षा दूसरी व तीसरी के विद्यार्थियों के लिए विद्या प्रवेश और रीडिंग कैंपेन की गतिविधियां इस कार्यक्रम का हिस्सा होंगी। जिसमें रीडिंग कैंपेन पर अधिक ध्यान दिया जाएगा।
कक्षाओं में रुचि लें विद्यार्थी इसलिए खेल-खेल में पढ़ाई का निर्णय
बच्चों की कक्षाओं में रुचि हो इसलिए विभाग द्वारा इन गतिविधियों का निर्णय लिया गया है। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में पढ़ाने का निर्णय लिया गया है। जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई में रुचि बढ़ेगी। इस गतिविधियों के माध्यम से हर दिन विभिन्न प्रकार की गतिविधियां करवाई जाएंगी। जिसमें बच्चे खेलते हुए पढ़ाई करना सीख पाएंगे। जिसके लिए कमेटी भी गठित की गई है
सर्वे में पता चला बच्चों में अक्षर ज्ञान नहीं
कोरोना महामारी के बाद शिक्षा विभाग ने विभिन्न सर्वे करवाए। सर्वे में विभाग ने पाया कि विद्यार्थियों में अक्षर ज्ञान एवं पठन-पाठन की दक्षता कम हुई है। वहीं कक्षा के हिसाब से विद्यार्थियों में पढ़ाई की दक्षता नहीं है। इस सर्वे के बाद विभाग ने सुनिश्चित किया पहली से तीसरी कक्षा के बच्चों के लिए रीडिंग कैंपेन आयोजित किया जाएगा। जिसमें विद्यार्थियों को खेल-खेल में अक्षर ज्ञान सिखाया जाएगा।
24 मई तक चलेगा अभियान
पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों को मुख्यधारा में लाने के लिए विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से एक महीने के लिए रीडिंग कैंपेन चलाने के लिए गतिविधियों का शेड्यूल जारी किया गया है। इस एक महीने के दौरान कक्षा पहली से तीसरी का पाठ्यक्रम न करवाकर निदेशालय द्वारा बताई गई गतिविधियों को ही करवाया जाएगा। इन गतिविधियों को कक्षा एक से तीन तक के विद्यार्थियों के लिए 5 साप्ताहिक हिस्सों में बांटा गया है। पहला सप्ताह 25 से 30 अप्रैल, दूसरा सप्ताह 1 से 6 मई, तीसरा सप्ताह 7 मई से 12 मई, चौथा सप्ताह 13 मई से 18 मई और पांचवां सप्ताह 19 से 24 मई तक रहेगा। इस दौरान करवाई जाने वाली सभी गतिविधियां बाल केंद्रित हैं। जिससे विद्यार्थियों को पढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण मिल पाएगा।
शिक्षा निदेशालय द्वारा पहली से तीसरी कक्षा के विद्यार्थियों के लिए रीडिंग कैंपेन गतिविधियों का शेडयूल जारी किया गया है। ये गतिविधियां स्कूलों में एक माह तक करवाई जाएगी।
-गोपाल कृष्ण शुक्ला, सहायक परियोजना अधिकारी, समग्र शिक्षा अभियान, सिरसा।