सिरसा। नगर आयुक्त डॉ. किरण सिंह की फटकार के बाद मंगलवार को बारिश के पानी की निकासी के दोनों प्रोजेक्ट शुरू हो गए। अधिकारियों ने मंगलवार को मौके पर पहुंचकर दोनों प्रोजेक्टों का ट्रायल भी लिया। जिसके पश्चात अब शहर के डबवाली और हिसार रोड पर जलभराव की समस्या से लोगों को निजात मिल पाएगी।
शहर के हिसार रोड पर अमृत योजना के तहत तो शहर के डबवाली रोड पर नगर परिषद की ओर से बारिश के पानी की निकासी के लिए प्रोजेक्ट लगाया गया था। डेढ़ वर्ष से दोनों प्रोजेक्टों पर काम चल रहा था। ठेकेदारों की ओर से कछुआ चाल से काम किए जाने के चलते नगर आयुक्त डॉ. किरण सिंह ने बीते दिन सोमवार को दोनों प्रोजेक्टों की स्थिति जांची थी। लेकिन कार्य पूरा न होने के चलते उन्होंने ठेकेदार को चेतावनी देते हुए मंगलवार शाम चार बजे तक काम पूरा करने के निर्देश दिए थे। जिसके पश्चात ठेकेदारों ने अब दोनों प्रोजेक्टों को तैयार कर दिया और इससे पानी निकासी की प्रक्रिया भी शुरू कर दी। वहीं नगर आयुक्त डॉ. किरण सिंह, नगर परिषद ईओ संदीप मलिक, एक्सईएन प्रवीन दलाल सहित अन्य अधिकारियों ने इसका ट्रायल लेकर स्थिति की जांच की है। प्रोजेक्टों के शुरू होने के बाद अब शहर में जलभराव की समस्या से शहर वासियों को निजात मिलने की उम्मीद है।
वर्जन
शहर से बारिश के पानी की निकासी के लिए दोनों प्रोजेक्टों का काम पूरा हो चुका है। दोनों का ट्रायल लिया गया है। शहर में अब जलभराव की स्थिति से लोगों को निजात मिलेगी।
-डॉ. किरण सिंह, नगर आयुक्त, सिरसा।