सिरसा। द्वारकापुरी स्थित दुकानदार प्रदीप कुमार से रंगदारी मिलने के बाद आरोपियों ने अन्य कई लोगों को भी टारगेट करना था, लेकिन इससे पहले ही सीआईए ने तीनों आरोपियों को काबू कर लिया। हालांकि इस मामले में एक अन्य आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। जालंधर निवासी भूपेंद्र की तलाश के लिए पुलिस छापा मार कार्रवाई कर रही है। भूपेंद्र निवासी जालंधर लंबे समय से पाकिस्तान में रहने वाले लोगों से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।
बता दे कि तीन मार्च को द्वारकापुरी निवासी प्रदीप कुमार से पाकिस्तान निवासी अली अहमद ने व्हाट्सएप कॉल कर उससे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। ऐसे में पुलिस ने मामले से जुड़े तीन आरोपियों को काबू किया है। पुलिस की ओर से काबू किए गए आरोपियों की पहचान रविंद्र, भपेंद्र और निशांत के रूप में हुई। तीनों आरोपियों का अभी पिछला कोई भी अपराधिक रिकार्ड नहीं मिला है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को तीन दिन की रिमांड पर लिया है। इस मामले से जुड़े चौथे आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस अलग-अलग स्थानों पर छापा मार कार्रवाई कर रही है। वहीं आरोपियों से पूछताछ के बाद सामने आया कि 10 लाख की रंगदारी मिलने के बाद उक्त आरोपियों ने अन्य लोगों को भी निशाना बनाना था। लेकिन पुलिस ने उक्त तीनों आरोपियों को पहले ही काबू कर लिया।