सिरसा। जिला के सभी स्कूलों में प्रवेश उत्सव मनाया जा रहा है। जिसके तहत विद्यार्थियों के दाखिला किए जा रहे हैं। लेकिन दाखिला करने के लिए शिक्षकों कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। दाखिला प्रक्रिया शुरू हुए 19 दिन हो चुके हैं लेकिन अभी तक एमआईएस पोर्टल पर दाखिला अपडेट नहीं किया गया है।
निदेशालय द्वारा निर्देश दिए गए है कि सरकारी स्कूलों के सभी विद्यार्थियों के दाखिले पोर्टल पर अपडेट किए जाएं। निदेशालय द्वारा आदेशों के बाद भी स्कूलों में पोर्टल पर दाखिला अपडेट नहीं किए जा रहे। क्योंकि पोर्टल चल ही नहीं रहा है। वहीं स्कूलों के शिक्षकों को अपनी आईडी पर या फिर मेनूअल ही दाखिले करने पड़ रहे हैं। शिक्षक असमंजस में हैं कि दाखिला करें तो करें कैसे। वहीं अभिभावकों को भी अपने बच्चों का दाखिला करवाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं शिक्षा विभाग द्वारा पत्र जारी कर परिवार पहचान पत्र व आधार लिंक करने के लिए भी कहा गया है।
बिना पीपीपी लिंक किए नहीं मिलेगा लाभ
मंगलवार को शिक्षा विभाग द्वारा सभी स्कूलों को पत्र जारी किया गया है। जिसमें कहा गया है कि विद्यार्थियों के दाखिले के समय में परिवार पहचान पत्र लिंक करना अनिवार्य है। अगर किसी विद्यार्थी का दाखिले के समय में पीपीपी लिंक नहीं किया जाता तो उसका दाखिला प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ेगी। वहीं विभाग द्वारा आदेेश जारी किए गए हैं कि दाखिला प्रक्रिया में पीपीपी लिंक करना अनिवार्य है।
पीपीपी के कारण शिक्षकों के लिए खड़ी हुई नई समस्या
दाखिला प्रक्रिया शुरू करते समय पहले निदेशालय द्वारा परिवार पहचान पत्र को लेकर कोई भी आदेश नहीं थे। जिसे चलते शिक्षकों ने बिना पीपीपी के ही विद्यार्थियों के दाखिले कर दिए। अब निदेशालय से आदेश जारी किए गए है कि दाखिले में पीपीपी अनिवार्य है। ऐसे में शिक्षकों के लिए एक नई समस्या खड़ी हो गई है कि जिन विद्यार्थियों के दाखिले पिछले 19 दिनों में किए गए हैं। उन विद्यार्थियों को दोबारा बुलाकर दाखिला प्रक्रिया करनी पड़ेगी।
शिक्षक खुद की आईडी से कर रहे दाखिला
जिले के कुछ स्कूलों के शिक्षकों ने बताया कि सीधे तौर पर विद्यार्थियों के दाखिला एमआईएस पोर्टल पर अपडेट नहीं हो रहे हैं। इसलिए उन्हें पहले अपनी खुद की आईडी से विद्यार्थियों के दाखिले करने पड़ रहे हैं। वहीं दूसरी ओर विद्यार्थियों के दाखिले मेनूअल भी किए जा रहे हैं। शिक्षकों का कहना है कि एक बार विद्यार्थियों के दाखिले के लिए फॉर्म भरवा रहे है। पोर्टल चल जाने पर अपडेट कर दिए जाएंगे।
विद्यालय में दाखिला प्रक्रिया चल रही है। लेकिन एमआईएस पोर्टल पर दाखिला अपडेट नहीं हो रहा है। इसलिए विद्यार्थियों के दाखिले एक बार के लिए मेनूअल ही किए जा रहे हैं। वहीं पीपीपी के लिए विभाग द्वारा आदेश जारी हुए है कि दाखिले में पीपीपी को लिंक करना अनिवार्य है।
-जसबीर कौर, प्राचार्य, राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय, सिरसा।
एमआईएस पोर्टल पर दाखिले अपडेट नहीं हो रहे हैं। इसलिए विद्यार्थियों के दाखिला प्रक्रिया ऑफलाइन की जा रही है। पोर्टल के चलने के बाद दाखिले अपडेट कर दिए जाएंगे।
-मदन मलिक, प्राचार्य, राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल, सिरसा।