सिरसा। कालांवाली में 22 नवंबर को आयोजित होने वाली यूथ मैराथन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अर्पित संगल ने आयोजन स्थल नई अनाज मंडी कालांवाली और मैराथन के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने उस रूट का भी दौरा किया, जहां से मैराथन में शामिल प्रतिभागी दौड़ लगाएंगे। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, पेयजल और साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद आयोजन की तैयारियों के लिए कालांवाली एसडीएम कार्यालय में अधिकारियों की बैठक हुई। इस दौरान एसडीएम मोहित कुमार, भाजपा डबवाली जिला अध्यक्ष रेनू शर्मा, राजेंद्र देसूजोधा, पूर्व सांसद चरण सिंह रोड़ी, डॉ. संजीव शर्मा, मार्केट कमेटी अध्यक्ष सतपाल शर्मा, हरविंद्र सिंह, मेजर सिंह, मंडल अध्यक्ष लवली गर्ग और डीएसपी ललित कुमार मौजूद रहे।
तीन श्रेणियों में होगी मैराथन
यूथ मैराथन का आयोजन 22 नवंबर को सुबह 6 बजे नई अनाज मंडी कालांवाली से किया जाएगा। इसमें 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की तीन श्रेणियों में दौड़ आयोजित होगी।