सिरसा। जीवन में गलतियों से सीख लेकर सकारात्मक सोच और अच्छे कर्मों के साथ नई शुरुआत की जा सकती है। हर व्यक्ति को अपनी जिंदगी में सुधार का अवसर मिलना चाहिए। इसी संदेश के साथ ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल और हारे का सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान मनीष सिंगला जिला जेल पहुंचे।
भैयादूज, दिवाली महोत्सव और माता सुशीला देवी की पुण्यतिथि माह के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष कार्यक्रमों की कड़ी के सातवें आयोजन के तहत उन्होंने बंदियों के साथ समय बिताया और उन्हें जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।
जेल परिसर में पहुंचने पर जेल अधीक्षक जसवंत सिंह और जेल प्रशासन की टीम ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान पूर्व राज्यपाल के पौत्र लक्ष्य सिंगला ने अपने हाथों से बंदी भाई-बहनों को भोजन परोसा। इस अवसर पर मनीष जिंदल, निजी सचिव हरपिंदर शर्मा, निजी सचिव योगेश बिजारनिया, जेल स्टाफ सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
बंदियों को दिया नई शुरुआत का संदेश
प्रो. गणेशी लाल ने कहा कि सकारात्मक सोच, कठिन परिश्रम और माता-पिता की सेवा जीवन के महत्वपूर्ण मूल्य हैं। व्यक्ति को अपनी गलतियों से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने बंदियों से रिहाई के बाद समाज की मुख्यधारा से जुड़कर जिम्मेदार नागरिक बनने और आध्यात्मिक, स्वस्थ एवं संयमित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
उच्च शिक्षा हासिल कर रहे कई बंदी : जेल अधीक्षक
जेल अधीक्षक जसवंत सिंह ने अतिथियों को जेल की व्यवस्थाओं और बंदियों के मानसिक सुधार एवं कौशल विकास के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला जेल में करीब 1300 बंदी हैं। इनमें कई बंदी एमए, बीए और पीएचडी जैसी उच्च शिक्षा की तैयारी में जुटे हैं।