- सीएम ने एक माह के अंदर जांच कर कार्रवाई के दिए है आदेश
- एमई के साथ साथ अन्य जेईयों की भूमिकाओं की जांच करने के दिए थे आदेश
- 20 काॅलोनियों की जांच की उठने लगी है आवाज
- मामले में पुलिस कार्रवाई को लेकर जिलाध्यक्ष से मिले थे पार्षद
,
यूसीएस 22 करोड़ कार्यों की मुख्यालय स्तर पर जांच होगी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। मुख्यमंत्री की जिला कष्ट निवारण समिति के फैसले के बाद नगर परिषद के चारों यूसीएस मामलों में जांच का दायरा बढ़ गया है। मुख्यमंत्री ने शिकायत के दौरान एक माह के अंदर मुख्यालय स्तर पर जांच के आदेश दिए थे।
उन्होंने भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों पर कार्रवाई करने को कहा था। मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया हैंडल पर इस कार्रवाई को बड़े स्तर पर प्रचारित किया जा रहा है।
इस प्रचार के कारण अन्य अधिकारियों की मुसीबतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने एमई के साथ-साथ अन्य जेई की भूमिकाओं की जांच के भी आदेश दिए थे। अब समाजसेवी लोगों ने 20 अन्य कॉलोनियों की नई बनीं सड़कों की जांच करवाने की तैयारी की है।
इन सभी कॉलोनियों की सूची जल्द ही मुख्यमंत्री को भेजी जाएगी। इसका उद्देश्य सभी भ्रष्ट अधिकारियों पर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करना है। भाजपा के अतिरिक्त कांग्रेस व हलोपा के पार्षदों की भ्रष्टाचार को लेकर चुप्पी भी चर्चा का विषय बन गई है।
पुलिस कार्रवाई को लेकर पार्षद जिलाध्यक्ष से भी मिले थे। मुख्य रूप से यूसीएस 55, 55ए और शून्य जैसे मामलों में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। यूसीएस 7 का मामला हालांकि न्यायालय के दायरे में है। अधिकारियों के अनुसार, मुख्यालय स्तर से आदेशों का इंतजार किया जा रहा है।
एमई स्तर पर लापरवाही
रिपोर्ट के अनुसार, एमई स्तर के अधिकारियों की बड़े स्तर पर लापरवाही सामने आई है। किसी भी स्तर पर कोई निगरानी नहीं की गई थी। एमई के साथ अन्य जेईयों की भूमिकाओं की भी जांच की जा रही है। निगरानी के अभाव में एमई ने एक्सईएन की जगह हस्ताक्षर कर भुगतान जारी कर दिया। यह अपने आप में एक बड़ा मामला माना जा रहा है। मुख्यालय स्तर पर जांच होने से एमई स्तर के अधिकारियों पर कार्रवाई की उम्मीद है।
निगरानी प्रणाली पर सवाल
मुख्यमंत्री की कार्रवाई के बाद एसडीओ, एक्सईएन और अध्यक्ष तक की निगरानी प्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। अधिकारियों के साथ-साथ अध्यक्ष भी अंतिम भुगतान से पहले सड़कों की निगरानी करते हैं। ऐसे में अंतिम भुगतान के दौरान सड़कों की बारीकी से जांच न होना लापरवाही दर्शाता है। इसी कारण दो महीने पहले बनी टूटी सड़कों का भी भुगतान जारी हो चुका है। मुख्यमंत्री की कार्रवाई के बाद सड़कों से संबंधित कई अन्य भ्रष्टाचार के मामले सामने आ सकते हैं। यह स्थिति नगर परिषद में व्याप्त अनियमितताओं को उजागर करती है।
22 करोड़ रुपये के कार्यों की जांच
भाजपा पार्षदों ने यूसीएस में हुए सभी विकास कार्यों की एक सूची तैयार की थी। जानकारी के अनुसार, करीब 22 करोड़ रुपये के आसपास इन कॉलोनियों में काम हुआ था। पहले केवल पांच कॉलोनियों में ही मामला इतना गरमा गया था। इस वजह से बाकी कॉलोनियों की जांच अभी तक नहीं हो पाई है। अब उम्मीद है कि सभी कॉलोनियों की व्यवस्थित तरीके से जांच हो सकेगी। इससे भ्रष्टाचार का पूरा खेल उजागर होने की संभावना है और दोषियों पर कार्रवाई हो पाएगी।