ऐलनाबाद। वर्ष 2021 में आरटीए स्टाफ और पुलिस कर्मचारियों के साथ हाथापाई, जानलेवा हमला और छीना झपटी के मामले में करीब 3 साल से फरार चल रहे वांछित आरोपी को ऐलनाबाद थाना पुलिस की टीम ने गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान राकेश कुमार निवासी ढंडेला नोहर, राजस्थान के रूप में हुई है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि इस संबंध में उप निरीक्षक शशि प्रकाश की शिकायत पर ऐलनाबाद थाना में विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। थाना प्रभारी ने बताया कि इस घटना में अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार 4 फरवरी 2021 को आरटीए स्टाफ तथा पुलिस की टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पत्थरों से भरा हुआ एक ट्रक आया था। जिसको पुलिस कर्मियों व आरटीए स्टाफ ने जब रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि उन्होंने आरटीए स्टाफ व पुलिस स्टाफ की गाड़ी पर ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया। सरकारी कर्मचारियों के साथ हाथापाई तथा एक कर्मचारी का अपहरण कर राजस्थान सीमा में ले जाने का प्रयास किया था।