जिला परिषद के जोन नंबर चार में अपनी पत्नी कांता चौटाला के पक्ष में चुनाव करने आए अभय चौटाला ने मुख्यमंत्री खट्टर पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति सांसारिक बंधनों में न बंधा हो, उसे घर गृहस्थी कैसे चलती है, इसके बारे में मालूम नहीं होता। ऐसा व्यक्ति समाज हित के बारे में नहीं सोच सकता। बिजली बिल कैसे भरा जाता है? दो वक्त की रोटी कैसे जुटाई जाती है? इसके बारे में सीएम को मालूम नहीं। वहीं देवर-भाभी के चुनाव में जुबानी जंग भी तेज हो गई है।
सोमवार को इनेलो नेता ने अपने एक दिवसीय दौरे की शुरूआत गांव जंडवाला बिश्नोइयां से की। उन्होंने जिला परिषद के जोन नंबर तीन तथा चार के तहत आने वाले 21 गांवों का दौरा किया। ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। अपने संबोधन में आदित्य चौटाला पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा की ओर से चुनाव लड़ रहा आदित्य चौटाला चौ. देवीलाल के नाम पर वोट मांग रहा है।
चौ. देवीलाल कहा करते थे कि किसी को वोट दे दो, लेकिन निक्कर वालों से सावधान रहो। हमारे घर का सदस्य आज निक्कर पहनकर घूम रहा है।
वोट चौ. देवीलाल के नाम पर मांग रहा है। उन्होंने ऐसे शख्स से सावधान रहने के लिए कहा। अभय सिंह चौटाला ने अपने दौरे की शुरूआत सुबह 11 बजे जंडवाला बिश्नोइयां से की।
इसके बाद वे कालूआना, गोदीकां, अहमदपुर दारेवाला, चक फरीदपुर, बिज्जूवाली, रिसालियाखेड़ा, बनवाला, राजपुरा, रत्ताखेड़ा, रामपुरा बिश्नोईयां, रामगढ़, चकजालू, मुन्नांवाली, गोरीवाला, झुट्टीखेड़ा, मटदादू, मोड़ी, गंगा, गिदड़खेड़ा तथा लंबी में जाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया।
देवीलाल के नाम पर केवल वोट बटोरे आदित्य
इधर जिला परिषद के जोन नंबर चार से कांता चौटाला के सामने चुनाव लड़ रहे आदित्य चौटाला का कहना है कि दिवंगत देवीलाल के नाम पर इनेलो ने केवल वोट बटोरे हैं।
उनकी नीतियों का अनुसरण केवल मैं कर रहा हूं। मैं ही उनका असली वारिस हूं। अब तक मैं इनेलो को मौका दे रहा था कि वह छल-कपट की राजनीति त्याग कर देवीलाल की नीतियों पर चलना शुरू कर देंगे।
लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मजबूरन मुझे राजनीति में कदम रखना पड़ा। चौ. देवीलाल को दरकिनार करने के कारण आज इनेलो के कद्दावर नेताओं को अपने पारिवारिक सदस्यों के लिए गांव-गांव जाना पड़ रहा है।