हरियाणा के सिरसा में आप कार्यकर्ताओं ने शराब के दाम घटाने और 24 घंटे ठेके खुले रखने के आदेश का शनिवार को जमकर विरोध किया। कार्यकर्ताओं ने शराब की बोतलें लेकर उपमुख्यमंत्री आवास का घेराव किया। महिलाएं पुलिस को चकमा देकर गली से होते हुए उपमुख्यमंत्री आवास के पास पहुंचीं। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बल का भी इस्तेमाल किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी महिलाओं को मामूली चोटें भी आई हैं।
नई आबकारी नीति के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता शनिवार को बरनाला रोड स्थित शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम में एकत्र हुए। प्रशासन ने उपमुख्यमंत्री आवास की तरफ जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग लगाकर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। शहीद भगत सिंह स्टेडियम में चर्चा करने के बाद आप कार्यकर्ता व महिलाएं हाथों में शराब की बोतलें लेकर बाबा भूमण शाह चौक पर पहुंचे।
यहां पुलिस ने उन्हें उपमुख्यमंत्री आवास की तरफ नहीं जाने दिया। महिलाओं ने करीब आधे घंटे तक चौक पर प्रदर्शन किया और इसके बाद पुलिस को चकमा देकर गलियों से होते हुए उपमुख्यमंत्री आवास की तरफ चल पड़ीं और वहां लगाए गए बैरिकेडिंग तक पहुंच गई। डीएसपी आर्यन चौधरी ने प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने के आदेश दिए।
इसके बाद पुलिस ने बल का इस्तेमाल करते हुए महिलाओं और अन्य प्रदर्शनकारियों को धक्का मारकर पीछे करना शुरू कर दिया। यहां करीब 20 मिनट तक धक्कामुक्की हुई। इसके बाद महिलाएं और अन्य प्रदर्शनकारी लौट गए। इस मौके पर कुलदीप गदराना, आप नेत्री दर्शन कौर, कविता नागर, ममता कंबोज, कर्मजीत कौर, कुलवंत कौर, सोनिया, गीता पहाड़ी, इंद्रा देवी, आशा रानी, पूजा रानी, मनजीत कौर व गुरजीत कौर उपस्थित रहीं।
धक्कामुक्की के दौरान बेहोश हुई महिला प्रदर्शनकारी
महिला पुलिस बल के साथ धक्कामुक्की के दौरान एक महिला प्रदर्शनकारी चक्कर खाकर वहां पर गिर गई। इसके बाद अन्य महिलाओं ने उनको पानी पिलाकर होश में लाया।
महिलाएं बोलीं : युवाओं को नशे में डुबाना चाहती है गठबंधन सरकार
दर्शन कौर, कविता नागर, ममता कंबोज ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में चौबीस घंटे शराब की आपूर्ति से स्पष्ट होता है कि प्रदेश सरकार की मंशा युवाओं को नशे में डुबा देने की है। इससे कि युवा नशे के आदी होकर सरकारी नौकरियों के लिए अयोग्य हो जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार को शिक्षा, चिकित्सा और महंगाई को कम करना चाहिए।
प्रदर्शनकारियों की ओर से उपमुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाना था। गलियों से होकर महिलाएं आवास तक पहुंची थीं, जिन्हें पुलिस ने रोका है। - आर्यन चौधरी, डीएसपी हैड क्वार्टर, सिरसा।