रोड़ी। रोड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में युवक के ब्यान दर्ज करती महिला सहायक सब इंस्पेक्टर दी
रोड़ी। गांव रोड़ी में वीरवार को नहर के ऊपर एक युवक नशे का इंजेक्शन लगाने के बाद बेसुध हालत में मिला। प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पहले युवक को देखकर एक बारगी उसकी मृत्यु होने की आशंका जताई। जब पानी छिड़कने व युवक को हाथ लगाया तो हलचल करने लगा।
उसे जीवित पाकर तुरंत रोड़ी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया। वहां उसे पानी पिलाया गया और उसे होश में लाने का प्रयास किया गया। चिकित्सकों ने उसे दवा दी, जिसके बाद युवक होश में आया। उसने बताया कि वह पंजाब के सरदूलगढ़ का रहने वाला है। उसका नाम जसप्रीत सिंह और ननिहाल रोड़ी में है।
मामले की जानकारी मिलते ही रोड़ी थाना से महिला सहायक सब इंस्पेक्टर दीपा रानी भी मौके पर पहुंचीं। युवक ने उन्हें चिट्टा बेचने वाले के बारे में भी बताया। पुलिस ने इस मामले में बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि पिछले आठ माह में रोड़ी क्षेत्र में नशे की ओवरडोज से 11 मौतें हो चुकी हैं। इसके बावजूद क्षेत्र में नशे की बिक्री धड़ल्ले से जारी है। ग्रामीणों ने कई बार पुलिस प्रशासन को इसकी जानकारी दी। आसपास के एरिया के ग्रामीण वीरवार को भी एसपी से मुलाकात कर नशे पर रोक लगाने की मांग की। सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को सिरसा पुलिस अधीक्षक मयंक गुप्ता भी रोड़ी थाना पहुंचेंगे और यहां नशे की रोकथाम के लिए समीक्षा करेंगे।