राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में सर्च ऑपरेशन के दौरान मौजूद पुलिसकर्मी। पुलिस
सिरसा। रानियां रोड स्थित राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में शुक्रवार को चोर घुसने की सूचना मिलने पर सुरक्षा गार्ड और पुलिस ने पूरे कॉलेज परिसर में तीन घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया। सर्च के दौरान पुराने हॉस्टल में दो संदिग्ध युवक नजर आए। इसमें से एक युवक भागने में सफल रहा, जबकि दूसरे को पुलिस ने हिरासत में लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांव नेजाडेला सिरसा का रहने वाला है। कॉलेज के सुरक्षा गार्ड इंद्र कुमार ने बताया कि हॉस्टल में पिछले कुछ समय से बिजली के तार और अन्य सामान गायब हो रहे थे। हिरासत में लिए गए युवक से फिलहाल कुछ बरामद नहीं हुआ है। जेपी चौकी प्रभारी रमित कुमार ने बताया कि पूछताछ पूरी होने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। संवाद