ट्रायल के दौरान जांच करते उपायुक्त प्रदीप कुमार।
- फोटो : Sirsa
कोविड-19 की वैक्सीनेशन के प्रबंधन के लिए जिले में वीरवार को ड्राई रन का सफल आयोजन किया गया। स्वयं उपायुक्त प्रदीप कुमार ने इसका जायजा लिया। जिले में छह स्थानों पर ड्राई रन आयोजित किया गया, जिसमें तीन शहरी और तीन ग्रामीण क्षेत्र शामिल रहे। इनमें शहरी क्षेत्र के अंतर्गत सिविल अस्पताल सिरसा, डबवाली व ऐलनाबाद और ग्रामीण क्षेत्र के तहत माधोसिंघाना, कालांवाली व रानियां की पीएचसी में ड्राई रन किया गया। सभी सेंटरों पर 25-25 लाभार्थियों की वैक्सीनेशन की गई। इस प्रकार से 150 लोगों पर कोविड-19 वैक्सीन का ड्राई रन किया गया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. कृष्ण कुमार, उप सिविल सर्जन डॉ. प्रमोद, डॉ. राजेश, डॉ. बलेश मौजूद थे। पहले चरण में करीब 7000 स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण किया जाएगा।
ड्राई रन की शुरुआत सिविल अस्पताल सिरसा से की गई, जिसका निरीक्षण करने पहुंचे उपायुक्त प्रदीप कुमार ने लाभार्थियों की वैक्सीनेशन की जांच की। उन्होंने लाभार्थियों को टीकाकरण के लिए बुलाने की प्रक्रिया के बारे में पूछा। टीकाकरण के लिए बुलाए गए लाभार्थियों से भी उन्होंने बातचीत की। उपायुक्त ने स्टैप वाइज टीकाकरण का जायजा लिया। ड्यूटी पर कार्यरत चिकित्सा कर्मचारियों से भी सवाल किए। उन्होंने टीकाकरण के बाद ऑब्जर्वेशन रूम का भी निरीक्षण किया। उपायुक्त ने चतरगढ़ पट्टी स्थित अर्बन डिस्पेंसरी का भी निरीक्षण किया। उपायुक्त प्रदीप कुमार ने कहा कि कोविड-19 के वैक्सीनेशन कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तीन चरणों में वैक्सीन दी जाएगी। पहले चरण में करीब 7000 स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण किया जाएगा। पहले चरण में फ्रंटलाइन कर्मचारियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। यह कार्य योजनाबद्ध तरीके से किया जाएगा, जिन्हें वैक्सीन लगाएंगे, उनको मैसेज किया जाएगा। लाभार्थी को अपना पहचान पत्र साथ लाना होगा।
20 जनवरी के बाद ही आएगी वैक्सीन
कोरोना वैक्सीन कई कंपनियों की है। जिले में 17, 18, 19 जनवरी को पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। ऐसे में इसके बाद ही कोरोना वैक्सीन आएगी। ऐसे में कोरोना वैक्सीन फ्रंट लाइन कर्मचारियों को लगाने का दिन 20 जनवरी के बाद ही होगा। सभी सात हजार को फोन के माध्यम से एसएमएस भेजा जाएगा और सेंटर अलॉट किया जाएगा।