अधिकारी पंजीकृत मोबाइल नंबर पर कॉल करके दे रहे सूचना, वर्ष 2024 से 4613 हैप्पी कार्ड धूल फांक रहे
फोटो 2
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। अंत्योदय परिवार परिवहन योजना के तहत रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा के लिए बनाए गए हैप्पी कार्डों का वितरण प्रशासन के लिए चुनौती बनता जा रहा है। जिले में 66 हजार नए हैप्पी कार्ड रोडवेज डिपो पहुंच चुके हैं लेकिन इन्हें लेने के लिए बहुत कम लोग आ रहे हैं। इससे पहले भी 4613 हैप्पी कार्ड डिपो में पड़े-पड़े धूल फांक रहे हैं।
रोडवेज विभाग के अधिकारियों के सामने अब सबसे बड़ी समस्या इन कार्डों को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने की है। विभाग की ओर से लोगों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर कॉल करके भी सूचना दी जा रही है लेकिन इसके बावजूद अपेक्षित संख्या में लोग कार्ड लेने नहीं पहुंच रहे। शनिवार को तीन से चार लोग ही कार्ड लेने आए।
हैप्पी कार्ड शाखा प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि जिले में कुल 1.12 लाख पात्र लोगों को हैप्पी कार्ड वितरित किए जाने हैं। प्रदेश में इस योजना की शुरुआत 7 मार्च 2024 को की गई थी। इसके तहत एक लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों को हरियाणा रोडवेज की बसों में सालाना एक हजार किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाती है। हालांकि, कार्ड का हर साल नवीनीकरण करवाना अनिवार्य है।
राकेश कुमार ने बताया कि हैप्पी कार्ड बनवाने के लिए पात्र परिवारों को पहले परिवार पहचानपत्र में आय सही करवानी होती है फिर आय प्रमाणपत्र सहित अन्य दस्तावेज जमा करने पड़ते हैं। इसके बाद ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होती है। कार्ड बनवाने के लिए नागरिक सेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है जिसके लिए 50 रुपये शुल्क लिया जाता है। वहीं, कई बार लोगों को कार्ड बनने की सूचना समय पर नहीं मिल पाती। कुछ मामलों में मोबाइल नंबर बदल जाने के कारण भी सूचना नहीं पहुंचती।
कोट्स
डिपो में 66 हजार नए हैप्पी कार्ड बनकर पहुंचे हैं। कार्ड लेने के लिए कम लोग पहुंच रहे हैं। इस वजह से लोगों को मोबाइल नंबर पर कॉल कर डिपो में बुलाया जा रहा है। सिरसा में कुल एक लाख 12 लोगों के हैप्पी कार्ड बनाए जाने हैं।
-राकेश कुमार, प्रभारी हैप्पी कार्ड शाखा सिरसा।