अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
नगर परिषद सिरसा में चौधराहट को लेकर भाजपा में घमासान अभी थमा नहीं कि सिरसा मार्केट कमेटी के चेयरमैन पद हनुमान कुंडू की नियुक्ति को लेकर भाजपा ने ही सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। कमेटी के सभी 16 सदस्यों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर तत्काल प्रभाव से नियुक्ति रद्द कर लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करने की गुहार लगाई है।
एग्रीकल्चर एंड वेलफेयर डिपार्टमेंट हरियाणा की की ओर गत छह फरवरी को सिरसा मार्केट कमेटी के लिए 18 व्यक्तियों को सदस्य नियुक्त किया गया जिसमें 12 किसान, पांच आढ़ती और एक तोला (तुलाई कराने वाला) शामिल है। एक मार्च को हनुमान कुंडू निवासी नहराणा का चेयरमैन और कृष्ण लाल मेहता को वाइस चेयरमैन नियुक्त किया गया। कुंडू की नियुक्ति किसी के गले नहीं उतर रही। सिरसा मार्केट कमेटी के नवनियुक्त सदस्य प्रदीप कुमार, अशोक कुमार शर्मा, सुश्री जसविंद्र पाल, मदन लाल कटारिया, कंवरजीत सिंह चहल, बसंत सिंह नागोकी, इंद्रपाल, देवीलाल, बहादुर सिंह, विनोद कुमार, महावीर प्रसाद, जनकराज, दौलतराम, जगदीश राय, महेंद्र कुमार और साधुराम ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में सिरसा कमेटी के चेयरमैन की नियुक्ति को लेकर जिलेभर के कार्यकर्ता और समाज का हर वर्ग स्तब्ध है। ऐसे में किसी को कोई जवाब देते हुए नहीं बन रहा है। गौरतलब हो कि इस नियुक्ति के पीछे एक निगम के चेयरमैन की अहम भूमिका रही है जिन्हें सीएम का करीबी माना जाता है। सिरसा में भाजपा दो गुटों में बंटी हुई है।
चेयरमैन बाहरी है
पत्र में लिखा है कि मार्केट कमेटी का नियुक्त चेयरमैन गांव नहराणा का निवासी है। विभाग की ओर से जारी नियुक्ति पत्र में यही पता दर्शाया गया है जबकि गांव नहराणा सिरसा मार्केट कमेटी के अधिसूचित क्षेत्र में नहीं आता है। ऐसे में क्षेत्र से बाहर के व्यक्ति को चेयरमैन नियुक्त नहीं किया जा सकता।
भाजपा जिलाध्यक्ष की सूची की हुई अनदेखी
भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट की ओर से जिला कार्यकारिणी से विचार विमर्श के बाद 15 किसानों (उत्पादक) की सूची प्रदेश कार्यालय को भेजी गई थी। सभी सिरसा कमेटी के अधीन क्षेत्र के निवासी हैं। इस सूची में चेयरमैन नियुक्त हनुमान कुंडू का नाम नहीं था। जिला कार्यकारिणी की ओर से भेजी गई सूची में से ही वरिष्ठता के आधार पर चेयरमैन और वाइस चेयरमैन नियुक्त किए जाने थे।
कुंडू का नाम बाद में सूची में शामिल हुआ
यतिंद्र सिंह ने बताया कि उनके द्वारा भेजी गई सूची में बाद में प्रदेश विभाग की ओर से क्रमांक 12 पर हनुमान कुंडू का नाम शामिल किया गया जबकि वह कमेटी के अधिसूचित क्षेत्र से बाहर का निवासी है। सदस्यों ने कहा कि जिला द्वारा भेजी गई सूची में से बहुत से वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर दिया गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने कुंडू का नाम नहीं भेजा था उनके द्वारा भेजी गई सूची में बाद में उपरी स्तर पर नाम शामिल किया गया है।
नवनियुक्त चेयरमैन की कार्यशाली पर उठाए सवाल
सभी 16 सदस्यों की ओर से मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा गया है कि कुंडू सिरसा ग्रामीण के मंडल अध्यक्ष हैं। संगठन के कई मोर्चों का आज तक गठन नहीं किया है, 15 फरवरी की जींद रैली में भी नहीं पहुंचे। पत्र में कहा है कि इस नियुक्ति को लेकर सभी सदस्यों में निराशा है और आक्रोश भी है। इससे आंतरिक लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हुआ है। सभी सदस्यों ने इस नियुक्ति को तत्काल प्रभाव से रद्द कर लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करने की मांग की है।
------------------------
फ ोटो