पोस्टमार्टम के लिए शव को अंदर ले जाते कर्मी ।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। जिले में फर्जी फर्म बनाकर बिलों का लेनदेन करने के कई मामले अब तक उजागर हो चुके हैं। वहीं रविवार को भी फर्जी फर्म मामले से मानसिक रूप से परेशान हुए युवक की मौत हो गई। परिजनों ने तत्कालीन बैंक मैनेजर सहित पांच लोगों पर आरोप लगा पुलिस को मामले की शिकायत दे उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि फर्जी फर्म बनाकर करीब 60 करोड़ के बिलों का लेनदेन कर दिया था। जिससे वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
पुलिस को दी शिकायत में कंगनपुर निवासी कृष्ण कुमार ने बताया कि उसका 22 वर्षीय इकलौता बेटा दीपक गोयल अपने मौसी के लड़के साथ लकड़ी की दुकान पर काम करता था। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि अनिल कुमार, प्रमोद और मुकेश कुमार ने वर्ष 2018 में बेटे को बैंक से लोन दिलवाने की बात कहकर उसके दस्तावेज ले लिए और इलाहाबाद बैंक में उसका खाता खुलवा दिया। काफी समय तक उसको लोन नहीं मिला तो बेटे ने खाता बंद करवा दिया है। आरोप कि उक्त आरोपियों और बैंक मैनेजर ने मिलकर उसके नाम पर दीपक ट्रेडिंग के नाम से फर्म तैयार कर दी और करीब 60 करोड़ के बिलों का लेनदेन कर दिया। करीब चार माह पहले जब वह लोन लेने के लिए दोबारा से बैंक में गया तो उसे फर्म बने होने की जानकारी मिली। जिसके बाद वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। इस मामले को लेकर उसने पुलिस को भी शिकायत दी। शिकायत देने के बाद अनिल कुमार और मुकेश कुमार ने उसे धमकी दी लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिससे वह कई दिनों से परेशान भी चल रहा था और सुबह करीब 10 बजे सिरसा क्लब में खाना लेने के लिए गया था। जब वह शौचालय से बाहर निकला तो अचानक गिर गया। क्लब सदस्यों ने उसे नागरिक अस्पताल में पहुंचाया यहां पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं परिजनों का आरोप है कि फर्जी फर्म के कारण वह परेशान था जिसके कारण उसकी मौत हुई है। परिजनों ने उक्त आरोपियों पर कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।
बिना जानकारी के ही दिल्ली में ट्रांसफर कर दिया था खाता
वहीं मृतक के दूर के रिश्तेदारी में मामा अंजनी ने आरोप लगाते हुए कहा कि फर्म बने होने की जानकारी जब दीपक को लगी तो उसने मामले की शिकायत दी थी। इस मामले को लेकर वह एसपी डॉ. अर्पित जैन से भी मिलने के लिए पहुंचे थे और सीएम विंडो में भी शिकायत दी है। लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस ने मामले को कीर्तिनगर चौकी में भेज दिया। आरोप है कि यहां पर कीर्तिनगर चौकी इंचार्ज ने उसके बयान दर्ज कर मामला रफा दफा करने का भी प्रयास किया। इसके बाद उसने दोबारा से मामले की शिकायत पुलिस को दी थी। लेकिन कई दिनों से कार्रवाई नहीं हो पाई और उक्त आरोपी उसे धमकी भी देते रहे। जिसके कारण दीपक कुमार की मौत हुई है।
10वीं तक ही पढ़ा हुआ था मृतक दीपक
मृतक के पिता कृष्ण कुमार ने बताया कि उसकी एक बेटी है और इकलौता ही बेटा था। बेटी की शादी हो चुकी है और घर में कमाई करने वाला बेटा ही था। लेकिन अब वह भी चल बसा। उनके परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर है। जिसके कारण उनकी आय का साधन भी अब खत्म हो चुका है। वहीं परिजनों ने उक्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है। हालांकि देर शाम को पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। सोमवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए है। पांच लोगों के खिलाफ शिकायत दी गई है। फर्जी फर्म बने होने के कारण मानसिक रूप से परेशान होने का कारण बताया गया है। शव का सोमवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
-बनवारी लाल, शहर थाना प्रभारी सिरसा।