संवाद न्यूज एजेंसी
ओढां। गांव नुहियांवाली से ओढां जाने वाली 5 किलोमीटर सड़क का निर्माण दो वर्ष में भी पूरा नहीं हो पाया है। ठेकेदार ने अब चौथी बार निर्माण कार्य अधर में छोड़ दिया है, जिसके चलते वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इस मामले में एसडीओ का कहना है कि ठेकेदार पर जुर्माना लगाने के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा गया।
इस सड़क शिलान्यास तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने 14 मई 2023 को किया था। यह सड़क हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की ओर से बनाई जानी है। इस पर डेढ़ करोड़ रुपये खर्च होने हैं। निर्माण कार्य को 31 मार्च तक पूर्ण करना था, लेकिन इसे चौथी बार अधर में छोड़ दिया गया है। इस कार्य को पूर्ण करने को लेकर विभाग ने ठेकेदार को कई बार पत्र जारी किए हैं, लेकिन फिर भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
स्थिति ये है कि सड़क पर मात्र पत्थर बिछाकर और मिट्टी डालकर छोड़ दी गई है। ये पत्थर वाहनों के टायरों से उखड़कर दुर्घटना का कारण बन रहे हैं। बीते दिन एक वाहन के टायर से उछलकर पत्थर बाइक सवार को जा लगा। गनीमत रही कि बाइक चालक ने हेलमेट लगा रखा था अन्यथा जानमाल का नुकसान हो सकता था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे अच्छा तो कार्य शुरू ही न करते। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर पत्थर डालकर छोड़ दिए गए, जिसकी वजह से लोगों को परेशानी हो रही है, खासकर बैलगाड़ियों को।
ग्रामीण बोले-
अगर सड़क पर ऐसे ही बार-बार थोड़ा-थोड़ा कार्य कर बीच में ही छोड़ा है तो कार्य शुरू ही क्यों किया। हैरानीजनक बात तो ये है कि ठेकेदार 2 साल में 5 किलोमीटर की एक सड़क तक नहीं बना पाया। विभाग को ठेकेदार के खिलाफ एक्शन लेना चाहिए। खेतों में कार्य की अधिकता होने के चलते लोगों को परेशानी हो रही है। शीघ्र ही कार्य पूर्ण नहीं हुआ तो हमें मजबूरन धरना लगाना पड़ेगा। - सुभाष बिजारणियां। फोटो -36
:::::::::::::::::::::::::::::::::
सड़क का निर्माण पूरा न होने से लोग कई माह से परेशान हैं। ठेकेदार की मर्जी से काम शुरू हो रहा है और मर्जी से बीच में छोड़ दिया जाता है। दुर्घटनाएं घटित हो रही हैं, लेकिन न तो ठेकेदार कोई समाधान कर रहा और न ही विभागीय अधिकारी। विभाग को चाहिए कि सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करवाए। - चेतराम दादरवाल।
:::::::::::::::::::::::::::::::::
सड़क की स्थिति बेहद खराब है। सड़क को उखाड़कर छोड़ा गया, फिर पत्थरों के ढेर लगाकर छोड़ गए और अब पत्थर बिछाकर छोड़ दिया गया। बड़े वाहनों के टायरों से उछलकर पत्थर बराबर से गुजर रहे लोगों को लगते हैं। लोग परेशान हो रहे हैं। विभागीय अधिकारियों से मांग है कि इस कार्य को शीघ्र पूरा करवाएं। - सुनील सहारण।
ठेकेदार बोला- भुगतान न होने और सड़क के बीच पेड़ आना पर रोका काम
सड़क पर पत्थर डालने का कार्य पूरा हो चुका है। अब इस पर बजरी एवं तारकोल डालना शेष है। कार्य की पेमेंट न होने के चलते कार्य रुका हुआ है। सड़क के बीच में कुछ पेड़ आ रहे हैं। इसके लिए वन विभाग की अनुमति आना भी अभी शेष है। एक सप्ताह के भीतर कार्य पूर्ण होने की उम्मीद है। - वीरपाल गर्ग, ठेकेदार।
:::::::::::::::::::::::
इस सड़क का निर्माण कार्य पूरा न होने के चलते लोगों को परेशानी आना स्वाभाविक है। हमने ठेकेदार को कई बार पत्र भेजा हुआ है। अब हमने पत्र भेजकर ठेकेदार पर जुर्माना लगाने के लिए उच्चाधिकारियों को लिखा है। कार्य 31 मार्च तक तो पूर्ण हो ही जाना चाहिए था। कुछ पेड़ सड़क के बीच में आ रहे हैं, जिसके लिए हमने वन विभाग को लिखा है। लखवीर सिंह, एसडीओ (मार्केटिंग बोर्ड)