संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। हुड्डा सेक्टर-19 में सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग करने व गोली चलाने के मामले में पुलिस ने गाड़ी में सवार चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सुनील कुमार निवासी आईटीआई रोड सिरसा, अंकुश कुमार निवासी डीसी कालोनी सिरसा, हर्षदीप व अर्श निवासी गांव मंगाला सिरसा के हैं।
सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बलराज सिंह ने बताया कि बुधवार शाम को सूचना मिली कि हुड्डा सेक्टर-19 स्थित किराना स्टोर के पास कुछ युवक झगड़ा कर रहे हैं।
पुलिस पहुंची तो तलाशी के दौरान चालक सीट पर बैठे सुनील कुमार से 3 कारतूस, अंकुश के पास 2 व पीछे बैठे हर्ष दीप सिंह व अर्श के पास 2-2 कारतूस बरामद किए गए। गाड़ी की जांच में शीशे पर फायरिंग के निशान पाए गए। मौके से 2 कारतूस के खोल भी बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके साथ साहिल सैनी निवासी शाह सतनाम चौक सिरसा भी था। उसके पास अवैध पिस्तौल थी। साहिल के साथ 20 अन्य युवक भी थे। उनके बारे में साहिल सैनी ही जानता है।
आरोपियों ने बताया कि उनकी दीपू गोदारा निवासी गांव बकरियांवाली के साथ रंजिश है। दीपू गोदारा पर हमला करने के लिए वे सेक्टर 19 में आए थे। इस दौरान साहिल सैनी के पास मौजूद अवैध पिस्तौल से अचानक गोली चल गई।
थाना प्रभारी बलराज का कहना है कि चारों आरोपियों सहित 20 अन्य के खिलाफ सार्वजनिक जगह पर अवैध हथियारों के साथ हुड़दंग करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।