सिरसा। गांव खैरेकां के पास घग्गर के बहाव में खराब हुई धान की फसल। संवाद
सिरसा। भारी बारिश और जलभराव के प्रभाव को देखते हुए प्रशासन ने जिले में खरीफ फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए बुधवार तक ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला था। पोर्टल पर ऑनलाइन के माध्यम से 325 गांवों के 39,213 किसानों ने आवेदन किया हैं। आवेदन के अनुसार 2,62,631 एकड़ भूमि में फसल के नुकसान को दर्ज किया गया है।
ऐसे में अब राजस्व विभाग की ओर से ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के अनुसार सर्वे का काम शुरू करवाया जाएगा, जिससे की जल्द से जल्द रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय भेजी जा सके। जिससे की किसानों को सरकार की ओर से दी जाने वाली आर्थिक लाभ राशि प्राप्त हो सके। सरकार की ओर से खरीफ की फसल के लिए सात हजार रुपये लेकर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से आर्थिक नुकसान की राशि तय की गई है। अब सर्वे के अनुसार नुकसान के आंकलन के आधार पर राशि जारी होगी।
95 प्रतिशत गांवों से किसानों ने किया आवेदन
सरकारी आंकड़ों के अनुसार जिले के 330 गांवों में 325 गांवों के किसानों ने ऑनलाइन ई-क्षतिपूर्ति पर बारिश या बाढ़ से नुकसान की भरपाई के लिए आवेदन किया है। इनमें मुख्य रूप से बरसात व सेम के एरिया के किसानों ने नरमा, कपास, ग्वार, बाजरा की फसलों का आवेदन किया है। वहीं, घग्गर से आई बाढ़ से मुख्य रूप से धान व नरमे की फसल को नुकसान देखने को मिला है। ऐसे में इन दो फसलों के किसानों ने मुख्य रूप से आवेदन किया है।
-17 सितंबर तक ऑनलाइन ई क्षतिपूर्ति पोर्टल खोल गया था। इसमें 325 गांवों के किसानों ने खराब हुई फसल की भरपाई के लिए आवेदन किया है। अब आवेदन आने के बाद जल्द ही सभी गांवों के सर्वे का कार्य शुरू करवाया जाएगा।
- संजय कुमार, डीआरओ, सिरसा।