बिजली निगम के चालक से लिए थे 1.5 लाख रुपये व सोने के जेवरात, आदमपुर के रहने वाले हैं तीनों
फोटो 11
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। पुलिस ने शादी करवाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनसे पैसे व ऐंठता था। आरोपी गोबिंद उर्फ सन्नी, नथूराम, अजाब सिंह शिव कॉलोनी आदमपुर, जिला हिसार के रहने वाले हैं।
शहर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि गांव पंजुआना के रहने वाले युवक ने पुलिस को शिकायत दी थी। इसमें बताया था कि वह बिजली निगम में ड्राइवर के पद पर कार्यरत है। सितंबर 2025 को उसके साथी ड्राइवर ने उसे शादी करवाने का झांसा दिया।
साथी ने उससे कहा कि उसके परिचित ऐसे लोग हैं जो पैसे लेकर शादी करवा सकते हैं। युवक की सहमति मिलने पर उसे दो युवकों से मिलवाया गया। उन्होंने शादी करवाने के बदले 1.5 लाख रुपये व सोने के जेवरात मांगे।
आरोपियों ने लड़की व उसके परिवार की पूरी जिम्मेदारी लेने का आश्वासन दिया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित युवक को हिसार बुलाकर एक मकान में शिवानी शर्मा नामक युवती से सगाई करवा दी।
सगाई के नाम पर पीड़ित से 1.5 लाख रुपये व सोने के जेवरात ले लिए गए। कुछ समय बाद भी शादी नहीं हुई तो आरोपियों ने बहाने बनाने शुरू कर दिए। आरोपियों ने युवक को बताया कि लड़की के माता-पिता की मृत्यु हो गई है। इसलिए शादी टाल दी गई।
जब पीड़ित को ठगी का संदेह हुआ और उसने पुलिस को शिकायत करने की बात कही। तब आरोपियों ने अस्थायी तौर पर बिना शादी के युवती को उसके घर भेज दिया। 3 अक्तूबर 2025 को शिवानी युवक के घर रहने लगी। 8 अक्तूबर की रात वह नकदी व जेवरात लेकर एक अन्य महिला के साथ फरार हो गई।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सोमवार को गोबिंद उर्फ सन्नी, नाथूराम और अजाब सिंह निवासी शिव कॉलोनी, आदमपुर, हिसार को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस पहले ही आरोपी युवती सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर नकदी व जेवरात बरामद कर चुकी है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।