सिरसा। शिक्षा विभाग का दावा था कि इस सत्र से 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को टैबलेट से पढ़ाई करवाई जाएगी। हालांकि विभाग ने स्कूलों में टैबलेट भेज दिया। परंतु विडंबना यह रही कि सिम एक्टीवेट नहीं होने से ये विद्यार्थियों के हाथों में नहीं पहुंचे। पहले चरण में 1839 के करीब टैबलेट बांटे गए थे। उसके बाद से बाकी बचे विद्यार्थियों को ये उपलब्ध नहीं करवाए गए हैं।
बता दें कि अभी जिले में 23,216 विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए जाने हैं। शिक्षा विभाग के अनुसार गर्मियों की छुट्टियों में भी बोर्ड कक्षा वाले विद्यार्थियों की ऑनलाइन तैयारी करवाई जाएगी। एक जून बुधवार से गर्मी की छुट्टियां शुरू हो जाएंगी। अब सवाल यह है कि जब सिम ही एक्टीवेट नहीं है तो विद्यार्थियों को टैबलेट देने का क्या फायदा। गौर करने वाली बात है कि टैबलेट में सिम एक्टीवेट करने का काम जिओ और एयरटेल कंपनी को दिया गया था।
एक सिम को एक्टीवेट करने में लगते हैं 15 मिनट
शिक्षा विभाग द्वारा एयरटेल व जीओ कंपनी को सिम एक्टीवेट का काम दिया गया है। लेकिन कंपनी समय पर सिम को एक्टीवेट करने का काम पूरा नहीं कर पा रही है। कंपनी द्वारा अभी तक चोपटा क्षेत्र के स्कूलों में सिम एक्टीवेट करने का काम शुरू किया गया। वहीं बाकी 6 खंडों में अभी काम शुरू ही नहीं हुआ है। जिसके कारण विद्यार्थियों को टैबलेट नहीं मिल रहे हैं।
विभाग ने छुट्टियों के 15 दिन पहले जारी किया गया आदेश
मई के आधे में निदेशालय द्वारा दूसरे चरण में जिला मुख्यालय केे टैबलेट वितरित किए गए। जिसके बाद खंड स्तर पर बीईओ को टैबलेट अपने स्तर पर लेकर जाने थे। लेकिन 15 दिनों में जिस कंपनी को सिम एक्टीवेट करने का काम दिया गया। वो काम को पूरा नहीं कर पाए। छुट्टियों शुरू हो चुकी है। ऐसे में विद्यार्थी ऑनलाइन पढ़ाई कैसे कर पाएंगे।
अभी तक छुट्टियों का होम वर्क भी नहीं डाला टैबलेट में
निदेशालय द्वारा जिले के सभी टैबलेेट में छुट्टियों का गृहकार्य डालना है। अब 1 जून यानी बुधवार से छुट्टियां शुरू हो जाएंगी लेकिन अभी तक गृहकार्य नहीं डाला गया है। वहीं शिक्षकों ने भी ऑनलाइन पाठ्यक्रम के चक्कर में विद्यार्थियों को छुट्टियों का काम नहीं दिया है। ऐसे में 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को समझ नहीं आ रहा है कि वो छुट्टियों के दौरान क्या पढ़ाई करेंगे।
जिला मुख्यालय की ओर से हमारे स्कूल में टैबलेट की दूसरे चरण की खेप रखी गई थी। जिसे खंड शिक्षा अधिकारी स्कूल से ले गए हैं। स्कूलों में छुट्टियों का होमवर्क भी नहीं दिया गया है। क्योंकि टैबलेट में निदेशालय द्वारा पाठ्यक्रम की सामग्री डाली जानी है। - जसबीर कौर, प्राचार्य, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मेला ग्राउंड, सिरसा।