रोड़ी। क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर बाइक पर जा रहे युवक को कुछ युवकों ने घेरकर उसकी निर्ममता से पिटाई कर उसके हाथ पैर तोड़ दिए और फिर नहर किनारे फेंककर चले गए। हमलावरों ने उसका मोबाइल फोन बाइक को भी तोड़ दिया। वहीं नहर किनारे पड़े युवक को देखकर वहां से गुजर रहे एक शख्स ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जिसके बाद परिजनों को इसे बारे में जानकारी मिली और वह उसे नागरिक अस्पताल सिरसा में लेकर आए। वहीं युवक की गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अग्रोहा रेफर कर दिया।
सरदूलगढ़ निवासी 20 वर्षीय युवक मनी अपनी बाइक पर सवार होकर तलवंडी के लिए जा रहा था। दोपहर को वह रोड़ी इलाके के पास सड़क किनारे घायल अवस्था में मिला। उसके दोनों पैर व हाथ बुरी तरह से तोड़े गए थे और शरीर पर काफी चोटों के निशान थे। उसका बाइक भी क्षतिग्रस्त हालत में मिला। लोगों ने उसे घायलावस्था में देखा तो इसकी जानकारी पुलिस व उसकी मां को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया।
रोड़ी नागरिक अस्पताल में पहुंची मृतक की मां सविता निवासी सरदूलगढ़ ने बताया कि उसके बेटे को सरदूलगढ़ के ही दो तीन युवक परेशान करते थे। वह उससे घर से रुपये लाने की मांग करते थे। शुक्रवार को उसका बेटा बैसाखी पर्व को लेकर अपने बाइक पर तलवंडी जा रहा था। उसके पास उसके छोटे बेटे का मोबाइल फोन व 500 रुपये भी थे। आरोप है कि युवक मोबाइल फोन और उसकी बाइक को तोड़ गए और 500 रुपये छीनकर ले गए। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उसके बेटे का पीछा किया और उस पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और फेंककर चले गए। उसका बेटा करीब दो घंटे तक सड़क किनारे तड़पता रहा। कभी उसे होश आ रहा था तो कभी वह बेहोश हो रहा था। वहीं रोड़ी पुलिस मामले की जांच में जुटी है।