सिरसा। एंटी नारकोटिक्स सेल व ऐलनाबाद पुलिस ने नशा तस्करी के आरोप में ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से दो किलो 720 ग्राम अफीम बरामद की। इसकी कीमत करीब छह लाख रुपये आंकी जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अफीम मध्यप्रदेश से लेकर आया था। इससे रानियां क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था।
एंटी नारकोटिक्स सेल ऐलनाबाद पुलिस टीम के प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि युवक की पहचान सुरेंद्र सिंह उर्फ छिंदा निवासी गांव सादेवाला थाना रानियां जिला सिरसा के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ थाना ऐलनाबाद में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरु की गई। सेल प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम से हनुमानगढ़ रोड स्थित नहर पुलिया के पास मौजूद थी। उन्हें सूचना प्राप्त हुई कि सुरिंदर सिंह ट्रक में अफीम लाकर सप्लाई करता है। वह ट्रक नंबर RJ07GB-6645 में अफीम लेकर आ रहा है। पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी। इस दौरान टीम ने वाहनों की जांच शुरू कर दी। इस दौरान हनुमानगढ़ की ओर से ट्रक आता नजर आया। पुलिस ने ट्रक को रुकवाकर तलाशी ली तो उसमें करीब 6 लाख रुपये की दो किलो 720 ग्राम अफीम बरामद हुई।