सिरसा। जिले में कोरोना संक्रमण के मामलों में हर रोज बढ़ोतरी हो रही है। लेकिन लोग न तो कोरोना से बचाव के लिए जारी हिदायतों ने पालन कर रहे हैं और न ही प्रशासन की ओर से कोई सख्ती बरती जा रही है। शनिवार को भी जिले में 18 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। अब 45 मरीज सक्रिय हो गए। इनमें से केवल एक ही मरीज निजी अस्पताल में भर्ती है, जबकि शेष मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है। हालांकि कोरोना संक्रमित तीन से चार दिन में स्वस्थ हो रहे हैं।
शनिवार को सिरसा शहर में तीन, डबवाली में एक, ओढां में दो, नाथूसरी चोपटा में एक, माधोसिंघाना में एक, रानियां में दो, चौटाला में आठ लोग संक्रमित मिले है। इसके अलावा जिले में नौ मरीज स्वस्थ हुए हैं। जिले का रिकवरी दर अब 98.25 फीसदी है। वहीं संक्रमण दर 3.65 फीसदी तक पहुंच गई है। शुक्रवार को 462 लोगों के सैंपल लिए गए थे। इनमें से 18 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। जबकि 300 लोगों के सैंपलों की रिपोर्ट आना शेष है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक 6 लाख 86 हजार 883 लोगों के सैंपल लिए गए थे। इनमें से 33592 लोगों कोरोना संक्रमित पाए गए थे, जबकि अब जिले में 45 लोग सक्रिय है और 33007 लोगों ने कोरोना को मात दी है।