सिरसा। जिले में डेंगू का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। रविवार को डेंगू संक्रमित एक किशोरी की इलाज के दौरान मौत भी हो गई है। जिले में डेंगू से अब तक की यह पहली मौत है। इसके कारण अब स्वास्थ्य विभाग की चिंता पहले से अधिक बढ़ गई है। जिले में अब तक 200 डेंगू के मरीज मिल चुके हैं। इनमें से कई मरीजों का इलाज सरकारी तो कई मरीजों का इलाज प्राइवेट अस्पतालों में चल रहा है।
रविवार को कीर्ति नगर निवासी 15 वर्षीय किशोरी की डेंगू के कारण मौत हो गई। पांच दिन पहले युवती की डेंगू जांच रिपोर्ट पॉजिटिव मिली थी। जिसके बाद उसे शहर के अलग-अलग निजी अस्पतालों में उसका उपचार चला। जब किशोरी की स्थिति गंभीर हो गई तो उसे हिसार रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। चाचा बलविंद्र सिंह ने बताया कि किशोरी 10वीं कक्षा में पढ़ती थी और पिता नेशनल इंश्योरेंस में काम करते हैं। हिसार के निजी अस्पताल में दो दिन भर्ती रखा गया था लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हालांकि विभागीय अधिकारियों के पास अभी मौत की जानकारी नहीं पहुंची है।
जिले में अब तक मिल चुके है 200 डेंगू के मरीज
जिले में अब तक 200 डेंगू मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से कई मरीज स्वस्थ हो चुके हैं तो कई मरीजों का इलाज चल रहा है। डबवाली और चौटाला में सबसे अधिक डेंगू के मरीज अब तक पाए जा चुके हैं। डबवाली और चौटाला में अब तक 122 डेंगू के मरीज मिल चुके है जबकि सिरसा में 35 मरीज पाए गए है।
उपचार के नाम पर दो अस्पतालों में केवल 30 बेड, नहीं कोई सुविधा
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों के उपचार करने संबंधित डबवाली में 25 और सिरसा में पांच बेड का वार्ड बनाया गया है। लेकिन मरीजों को उपचार नहीं मिल पा रहा है। डबवाली में मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण वार्ड भी छोटा पड़ने लग गया है। सुविधा और ठीक तरह से उपचार न मिलने के कारण मरीज निजी अस्पतालों में उपचार करवाने को मजबूर हो रहे हैं। सरकारी अस्पतालों में कई मरीज दाखिल होने के लिए पहुंचते है लेकिन सुविधा न मिलने के कारण वह भी निजी अस्पताल में पहुंचते है।
विभाग की ओर से बढ़ाई गई है सैंपलिंग प्रक्रिया
सितंबर और अक्तूबर माह में ही सबसे अधिक डेंगू के मरीज बढ़े है। मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद अब विभाग ने भी सैंपल लेने की प्रक्रिया को बढ़ा दिया है। डबवाली सहित अन्य क्षेत्रों में विभाग की ओर से लगातार सर्वे करवाया जा रहा है। सर्वे के दौरान लारवा मिलने और पानी जमा होने पर उन्हें जागरूक किया जाता है और नोटिस दिया जाता है। ताकि मच्छरों को कम किया जा सके। लेकिन लगातार मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। वहीं नगर परिषद की ओर से शहर में फॉगिंग भी करवाई जा रही है।
डेंगू से मरीज की मौत होने का मामला संज्ञान में नहीं है। मामले की जानकारी ली जाएगी। शहर में लगातार फॉगिंग करवाई जा रही है। लोग भी मच्छरों से सावधानी बरतें और घरों के आसपास पानी एकत्र न होने दे।
-डॉ. मनीष बांसल, सीएमओ, सिरसा