अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल की घोषणा पर अमल करते हुए नगर परिषद सिरसा की ओर से नगर के विभिन्न स्थानों पर लगी लाइटों को बदलकर उनकी जगी एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। इससे एक ओर जहां नगर जगमग दिखाई देगा वहीं परिषद का बिजली खर्च भी आधा रह जाएगा।
नगर परिषद सिरसा क्षेत्र में करीब सात हजार प्वाइंट हैं जहां पर सोडियम लाइट और ट्यूब लाइट लगी हुई हैं। स्ट्रीट लाइट और ट्रैफिक लाइट परिषद के लिए जी का जंजाल बनी हुई हैं। ट्यूबलाइट कुछ दिन चलती हैं और फिर बंद हो जाती हैं। ऐसे में गलियों में अंधरा रहता है। हर बैठक में पार्षद अपने-अपने वार्ड की लाइट समस्या का रोना रोता था। दिसंबर 2016 में नगर परिषद की ओर से 120 वाट से लेकर 400 वाट तक के 2016 बल्ब खरीदे गए थे जबकि 20 वाट की 3886 ट्यूबलाइट, 40 वाट की 285 और 72 वाट की 695 ट्यूबलाइट खरीदी गई थी। इसके बाद जब भी जरूत पड़ी सामान की खरीद होती गई। सोडियम लाइट और हाईमास्टलाइट से बिजली का खर्च बढ़ गया। अब नगर में पुरानी लाइट के स्थानों पर एलईडी लाइट लगाई जाएंगी जिससे एक ओर जहां नगर जगमग होगा वहीं बिजली का खर्च भी आधा रह जाएगा।
सीएम की योजना पर होगा अमल
नगर परिषद सिरसा के कार्यकारी अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि एलईडी लाइट्स लगाने से परंपरागत बल्बों पर होने वाली बिजली की खपत के मुकाबले 50 प्रतिशत से अधिक की कमी आएगी। उन्होंने बताया कि सिरसा शहरी क्षेत्र में लगभग सात हजार से ज्यादा ऐसे प्वांइट्स हैं जहां पहले लगी लाइट्स के स्थान पर एलईडी लाइट्स लगाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि नगर परिषद की आगामी बैठक में पास होने के बाद कार्यवाही की जाएगी। यह कार्य 31 मार्च से पहले पूरा होने की संभावना ह्रै।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की घोषणा के अनुरुप प्रथम चरण में प्रदेश के 80 शहरों में परंपरागत लाइटों को बदलकर उनके स्थान पर एलईडी लाइट्स लगाने का कार्य किया जा रहा है। गुरुग्राम व अन्य कुछ शहरों में एलईडी लाइट्स लगाने का कार्य आरंभ हो चुका है।
एक हजार नए प्वाइंट्स पर भी लगाई जाएंगी एलईडी
नगर परिषद की अध्यक्ष शीला सहगल ने बताया कि नगर में लाइट के सात हजार प्वाइंट्स हैं। नगर की बढ़ते क्षेत्र के चलते एक हजार नए प्वाइंट्स की पहचान की गई है। उन्होंने बताया कि सात हजार प्वाइंट के साथ-साथ इन एक हजार प्वाइंटों पर भी एलईडी लाइट लगवाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि हर प्रमुख चौक, बस स्टैंड आदि स्थानों पर बड़ी लाइट लगवाई जाएंगी।
शहर में पुरानी लाइटें हटाकर नगर परिषद लगाएगा सात हजार एलईडी
बिजली खर्च बढ़ने और ज्यादा समस्याएं आने के कारण लिया फैसला
बिजली खर्च में आधी कटौती होने का दावा