खंड बड़ागुड़ा बीडीपीओ कार्यालय में बैठक के दौरान मौजूद गांव रोड़ी के पंच।
रोड़ी। ग्राम पंचायत रोड़ी में सरपंच दर्शन सिंह के खिलाफ 14 पंचों द्वारा पारित अविश्वास प्रस्ताव पर सोमवार को खंड बड़ागुड़ा स्थित बीडीपीओ कार्यालय में बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता बीडीपीओ अमन कुमार मित्तल ने की। बैठक में सरपंच केवल तीन पंचों के साथ पहुंचे, जबकि अन्य पंचों ने विचार-विमर्श से इन्कार करते हुए सरपंच के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की। प्रस्ताव पंचायत सचिव कृष्ण कुमार को सौंपा।
उल्लेखनीय है कि 28 जून को पंच नौरंग सिंह, करमजीत कौर, गुरतेज सिंह, किरना रानी, जगजीत सिंह, हरदेव सिंह, बेबी बाला, विजय कुमार, गुरमेल कौर, बग्गा सिंह, अमनदीप कौर, संदीप गरचा, सुखवीर कौर और सर्वजीत कौर ने संयुक्त रूप से बीडीपीओ को लिखित रूप में अविश्वास प्रस्ताव सौंपा था। पंचों ने आरोप लगाया कि सरपंच ग्राम सभा की बैठकें नहीं बुला रहे और पंचायत के कार्यों की जानकारी साझा नहीं करते।
पंचों का कहना है कि पंचायत के कार्य एकतरफा व मनमाने ढंग से किए जा रहे हैं, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही पर असर पड़ा है। पंचों ने विभाग से मांग की है कि नियमानुसार 30 दिनों के भीतर ग्राम सभा की विशेष बैठक बुलाकर गोपनीय मतदान के जरिये अविश्वास प्रस्ताव पर निर्णय लिया जाए।