खंड के गांव जमाल स्थित कोआपरेटिव बैंक शाखा जमाल में 14 लाख 59 हजार 481 रुपये चोरी का मामला प्रकाश में आया है। नाथूसरी चोपटा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई है।
शाखा प्रबंधक सज्जन कुमार ने नाथूसरी चोपटा थाना पुलिस में दी शिकायत में बताया कि बैंक कार्यालय के अलमारी में 14 लाख 59 हजार 481 रुपये रखे हुए थे। जिनको अज्ञात चोरों ने रविवार रात को चुरा लिए। चोरों ने सीसीटीवी कैमरा की दिशा बदल कर आरी से दरवाजों को काटकर अंदर प्रवेश कर चोरी को अंजाम दिया। सुबह जब किसानों को खाद देने के लिए बैंक कर्मचारी गया तो उसने देखा कि बैंक के पिछली तरफ चोरों ने दरवाजे को काटकर एक सुराग बनाया है और बैंक का सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने इसकी सूचना शाखा प्रबंधक को दी। उन्होंने आकर नाथूसरी चोपटा थाना पुलिस को सूचना दी। इस बारे में नाथूसरी चोपटा थाना प्रभारी सत्यवान से बात की गई तो उन्होंने बताया कि कोआपरेटिव बैंक जमाल में शाखा प्रबंधक द्वारा चोरी की सूचना दी गई सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर मौका मुआयना किया। शाखा प्रबंधक सज्जन कुमार की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। और चोरों को पकड़ने के लिए दो टीमें गठित कर दी गई है जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।