सीआईए डबवाली पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान गांव चौटाला क्षेत्र से कार सवार एक व्यक्ति को एक किलो ग्राम अफीम के साथ काबू किया है। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान धर्मेंद्र कुमार उर्फ डब्बू निवासी वार्ड नंबर 12 रेलवे कॉलोनी संगरिया के रूप में हुई है। सीआईए डबवाली प्रभारी सब इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति से सप्लायर के बारे में नाम पता मालूम कर दो लोगों के खिलाफ थाना सदर डबवाली में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने बताया की सीआईए डबवाली पुलिस टीम के सहायक उप निरीक्षक चरणजीत सिंह के नेतृत्व में नाकाबंदी के दौरान गांव चौटाला क्षेत्र में पुलिस टीम ने सामने से आ रही कार को शक की आधार पर रोक कर कार की तलाशी लेने पर उक्त कार की ड्राइवर सीट के नीचे से एक किलो अफीम बरामद हुई। पकड़े गए व्यक्ति को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान अफीम तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में नाम पता मालूम कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।