भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति और किसान संगठनों ने बुधवार को अनाज मंडी में एमएसपी अधिकार दिवस मनाया। साथ ही मार्केट कमेटी सचिव को ज्ञापन सौंपकर किसानों को आ रही परेशानी के बारे में बताया। दूसरी ओर हरियाणा किसान मंच के साथ 11 किसान संगठनों ने मार्केट कमेटी के सामने प्रधानमंत्री का पुतला फूंका और कृषि कानून के विरोध में नारेबाजी किया।
बता दें कि जिले में कृषि कानूनों को लेकर एक ओर किसानों का धरना प्रदर्शन जारी है। बुधवार को एमएसपी अधिकार दिवस पर अनाज मंडी में भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति संगठन के किसान अनाज मंडी में पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। वहीं किसानों ने बताया कि सरकार आत्मनिर्भरता पर तो बात कर रही है, लेकिन इस प्रक्रिया में किसानों की हालत बिगड़ती जा रही है। वहीं किसानों से हो रही ऑनलाइन खरीद को लेकर किसानों ने रोष जताते हुए कहा कि इस प्रक्रिया में केवल किसान को परेशान किया जा रहा है। वहीं किसानों ने कहा कि अब तो किसानों का पंजीकरण भी नहीं हो रहा है, जिससे वह अपनी फसल कहां पर बेचे। कृषि कानूनों को लेकर किसानों ने बताया कि किसान शुरूआत से ही इसका विरोध कर रहे थे, लेकिन बावजूद इसके यह किसानों पर धोपा गया है। जिसका किसान संगठन विरोध भी कर रहे हैं, लेकिन इस पर सरकार कोई सुनवाई नहीं कर रही है। किसान संगठन ने नारेबाजी करते हुए पूरी मंडी को दौरा किया और मार्केट कमेटी के सामने पहुंचकर नारेबाजी करने लगे। ज्ञापन लेने आए मार्केट कमेटी सचिव विकास सेतिया से किसानों ने पूछा कि ऑनलाइन पोर्टल से न ही तो समय पर किसान मंडी में आ रहा है और न ही नए किसान का पंजीकरण हो रहा है। जिस पर सचिव ने कहा कि पोर्टल में दिक्कत आने के कारण किसानों को परेशानी हो रही है, जिसकी सूचना उन्होंने मुख्यालय को दे रखी है। जिस पर एक किसान ने कहा कि जब मार्केट कमेटी के अधिकारी ही पोर्टल से संतुष्ट नहीं है तो अनपढ़ किसान कैसे संतुष्ट हो सकता है। मार्केट कमेटी सचिव ने कहा कि किसानों की समस्या का जल्द ही समाधान किया जाएगा।
धरनारत किसानों के मंडी पहुंचने पर पुलिस बल तैनात
शहर के शहीद भगत सिंह स्टेडियम में धरने पर बैठे 11 किसान संगठनों के साथ हरियाणा किसान मंच के करीब 250 किसान दोपहर को अनाज मंडी में पहुंचे और नारेबाजी करने। किसानों की सूचना मिलने पर शहर के डीएसपी आर्यन चौधरी, शहर थाना एसएचओ कैलाश चंद्र और सिक्योरिटी इंचार्ज सत्यवान पुलिस बल के साथ मंडी में पहुंचे और मार्केट कमेटी के आगे घेरा बना लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान समिति के प्रदेशाध्यक्ष मनदीप नथवान, भारतीय किसान संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष विकास सिसर व हरियाणा किसान मंच के प्रदेशाध्यक्ष प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा ने संयुक्त रूप से की। इस मौके पर संगठन नेताओं ने कहा कि सरकार बार-बार एमएसपी रेट की बात करती है, लेकिन मंडियों में एमएपी पर फसल की खरीद नहीं की जा रही है। मंडियों में सरेआम किसानों का शोषण किया जा रहा है। उनकी मांग है कि सरकार एमएसपी को लेकर कानून बनाए, ताकि जो भी खरीददार एमएसपी से नीचे फसल खरीदे, उसके खिलाफ तुरंत प्रभाव से कार्रवाई की जा सके। एमएसपी लागू कर देने से किसान को नहीं मिल जाएगा। वहीं दूसरी ओर केंद्र सरकार द्वारा पारित कानूनों में कृषि उत्पाद मार्केट कमेटी अधिनियम को खत्म करने पर बल दिया गया है। उन्होंने केंद्र सरकार से तीनों कानूनों को निरस्त करने की मांग पर जोर दिया। इस मौके पर विभिन्न किसान संगठनों के पदाधिकारी व सैकड़ों की संख्या में किसान उपस्थित थे।