रोजाना सुबह जल्दी उठकर सेना भर्ती की तैयारियों में लगा था। भर्ती की तमाम पात्रता पूरी होने के बावजूद मौका हाथ से निकल गया। कोरोना के कारण सपने टूट गए। परिवार खेतीबाड़ी करता है, पिछले तीन साल से सेना भर्ती के लिए लगातार प्रयास कर रहा हूं लेकिन भर्ती स्थगित होने से मनोबल भी टूट रहा है। परिवार के लोग भी परेशान होते है। एकेडमी पर खर्चा देना पड़ता है। अब सरकार से आग्रह है कि भर्ती को लेकर आयु में छूट दी जाए। - दिलावर, अभ्यर्थी
गांव से शहर में आकर कमरा लिया और सेना भर्ती की तैयारियों में जुट गया। पिछले साल सेना भर्ती हुई नहीं और इस बार की भर्ती स्थगित हो गई। अगर दोबारा से होने वाली भर्ती भी स्थगित होती है तो उम्र निकलने के कारण सेना में सेवा करने का सपना धरा का धरा रह जाएगा। परिवार में फूफा जी आर्मी में है उन्हीं से प्रेरित होकर सेना के लिए तैयारी शुरू की थी। परिवार में ताऊ का लड़का सरकारी विभाग में है, उसके अलावा कोई संसाधन नहीं है लेकिन उम्मीद के कारण फिर से तैयारी शुरू करनी पड़ेगी। - प्रवीण, अभ्यर्थी
सेना भर्ती को लेकर बहुत उत्साह था लेकिन जैसे ही स्थगित होने की सूचना मिली परिवार के लोगों को भी बहुत दुख हुआ। अब की बार आखिरी मौका बचा है। दोबारा से निकलने वाली भर्ती भी स्थगित हो गई तो तैयारी के समय देने वाला समय पूरी जिंदगी याद रहेगा। पिता ने कहा था कि सेना में जाने के लिए कुछ भी कर, सेना में भर्ती होना ही होना है लेकिन भर्ती स्थगित होने से उम्मीद टूट रही है। परिवार में सिर्फ पिता ही कमाने वाला है लेकिन उससे भी पूरी तरह से गुजारा नहीं होता। - रोहित, अभ्यर्थी
बार-बार भर्ती स्थगित करने से युवाओं के साथ अन्याय किया जा रहा है। भर्ती स्थगित होने के बाद से युवाओं को डर सता रहा है कि उनकी तैयारी का क्या होगा। पांचवीं बार सेना रैली भर्ती स्थगित होने के कारण हौसला टूटता जा रहा है, यहीं नहीं 21 साल तक का युवा ही भर्ती में भाग ले सकता है लेकिन इस तरह भर्ती स्थगित होती रही तो कुछ युवा सेना में सेवा का अवसर प्राप्त नहीं कर पाएंगे। एक महीने पहले ही भाजपा सांसद डॉ. अरविंद शर्मा अभ्यर्थियों के उम्र को लेकर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर चुके है। उन्होंने भर्ती के दौरान उम्र में एक साल की छूट देने की मांग रखी है। इस पर रक्षामंत्री ने आश्वासन दिया था। - मोहित, अभ्यर्थी
यह मामला हाईकमान के संज्ञान में है, इस पर विचार विमर्श किया जा रहा है। बच्चों का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। इस भर्ती को स्थगित किया गया है, न कि रद्द। आने वाले समय में हालत ठीक रहे तो मार्च से पहले यह भर्ती प्रक्रिया करवाई जा सकती है। - रत्नदीप खान, भर्ती निदेशक