संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। प्रांतीय खेलकूद प्रतियोगिता में शिक्षा भारती विद्यालय के पदक विजेताओं ने शानदार प्रदर्शन किया। सोमवार को स्कूल पहुंचने पर इन खिलाड़ियों को स्कूल स्टाफ ने सम्मानित किया। जिले के इन खिलाड़ियों ने 15 स्वर्ण व तीन रजत पदक जीते हैं।
जिले के रामनगर के शिक्षा भारती वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 22 से 24 जुलाई तक 36वीं प्रांतीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रदेश के 16 विद्यालयों से 300 खिलाड़ियों ने बॉक्सिंग, कुश्ती, ताइक्वांडो, वुशू व जूडो प्रतियोगिताओं में भाग लिया। खेल प्रमुख सुमन सैनी ने बताया कि शिक्षा भारती विद्यालय बहु अकबरपुर से 19 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
बॉक्सिंग में अंडर-14 में विराज सिवाच, दीपांशु, कार्तिक व गौरव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 में बॉक्सिंग में हर्ष ने प्रथम व संचित ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कुश्ती में अंडर-14 में यश ने प्रथम, अंडर-17 में अनुज ने द्वितीय व अंडर-19 में सौरभ प्रथम रहा। ताइक्वांडो में अंडर-14 में हर्ष व अंकित प्रथम और पूर्व द्वितीय रहा। अंडर-17 में ऋतिक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि वुशू में अंडर-17 में भैया विपुल बल्हारा, सुशांत बल्हारा, ध्रुव, दक्ष प्रथम रहे। जूडो में अंडर-14 में रक्षित ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्य मनजीत मलिक ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
उन्होंने बताया कि प्रांतीय खेलकूद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 15 खिलाड़ी क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेंगे। यह प्रतियोगिता पंजाब के
पंजाब के भीखी में होगी। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष हीरा सिंह यादव, प्रबंधक व कोषाध्यक्ष सतीश ने विजेता खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।