रोहतक। चालक-परिचालकों व लिपिकों का वेतनमान नहीं बढ़ाने पर कर्मचारी जल्द ही आंदोलन करेंगे। परिवहन मंत्री के बयान पर आलोचना करते हुए सर्व कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान नरेंद्र दिनोद, महासचिव सुमेर सिवाच, राज्य उपप्रधान जयकुंवार दहिया एवं कार्यालय सचिव सतबीर मुंढाल ने कहा जल्द ही राज्य कमेटी की बैठक बुलाकर आंदोलन की रणनीति तय करेंगे। वीरवार को हुई बैठक में यूनियन के पदाधिकारियों ने यह निर्णय लिया।
कर्मचारी नेताओं ने बताया चालक, परिचालकों व लिपिकों का वेतनमान बढ़ाने, किलोमीटर स्कीम की बसों को ठेके पर लेने की नीति व 265 रूट परमिट पॉलिसी वापस लेने, तकनीकी वेतनमान से वंचित कर्मचारियों को तकनीकी वेतनमान देने, चालक, परिचालकों, निरीक्षक, उपनिरीक्षक व कर्मशाला के कर्मचारियों के अर्जित अवकाश कटौती पत्र वापस लेने, ग्रुप डी के कर्मचारियों को काॅमन कैडर से बाहर करने, तकनीकी पदों पर प्रमोशन, दो साल का बोनस देने व वेतन विसंगति दूर करने और सभी खाली पदों पर प्रमोशन करने की सहमति जताते हुए साझा मोर्चा के साथ हुई बैठक में परिवहन मंत्री ने वादा किया था।