गांधी नगर स्थित मातुराम कम्यूनिटी सेंटर में चल रहे अखिल भारतीय किन्नर सम्मेलन में शुक्रवार को देश और विदेश से आए प्रतिनिधियों ने कलश यात्रा निकाली। कार्यक्रम की शुरुआत में किन्नरों ने ‘आज खुशियां मनाने का दिन है, आया मौसम तेरे-मेरे प्यारे दा’ आदि भजनों पर नृत्य किया। इसके बाद शाम चार बजे कम्यूनिटी सेंटर से कलश यात्रा निकाली गई। इसमें किन्नर बैंड बाजा की धुन पर नाचते और गाते हुए समीप के शिव मंदिर में पहुंचे और दो घंटे दान किए।
इस दौरान खुशियां मनाते किन्नरों को देखने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। इस मौके पर कुछ किन्नरों ने जरूरतमंद लोगों को पैसे भी दिए। इस कलश यात्रा कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि डेयरी एसोसिएशन के प्रधान राजकमल सहगल, वरिष्ठ उप प्रधान अशोक कपूर और सतीश शर्मा भी पहुंचे। इस मौके पर राजकमल सहगल ने कहा कि ये हमारे बच्चों और नवविवाहित जोड़ों के लिए खुशियां मांगते हैं और उन्हें दुआएं देते हैं। आज इनकी खुशियों में शामिल होने का दिन है। इस अवसर पर प्रधान बाबूराम, पन्ना माई, मीना माई, हिना और कोकिला मौजूद रहे।