नगर पालिका चुनाव सिर पर है। वार्डबंदी हो चुकी है। 15 से बढ़ाकर 16 वार्ड सुनिश्चित किए गए हैं। किंतु, मतदाता सूची को लेकर लगातार आरोप लग रहे हैं। वीरवार को एसडीएम आशीष कुमार कलानौर पहुंचे और अधिकारियों संग बैठक की। उन्होंने कहा कि मतदाता 23 दिसंबर तक अपनी शिकायत व सुझाव दें ताकि समय पर निर्णय लिया जा सके।
गुरुवार को सभी बीएलओ व पूर्व पार्षदों, नपा सचिव के साथ नगरपालिका में एसडीएम आशीष कुमार ने बैठक की। बैठक में सभी शिकायतकर्ताओं ने मतदाता सूची और बीएलओ पर सवाल खड़े कर हंगामा शुरू कर दिया। वहीं, एसडीएम ने सबकी बात सुनी और माना कि मतदाता सूची में खामियां हैं। इस पर मतदाता सूची में हुई त्रुटि व वार्डबंदी को ठीक करने के लिए 4 एसडीओ की ड्यूटी लगाई है। इसमें एसडीओ सतीश, एसडीओ रवि ग्रेवाल, एसडीओ मनीष मल्होत्रा, एसडीओ कृष्ण कुमार शामिल हैं। सभी एसडीओ जांच कर एसडीएम रोहतक को रिपोर्ट भेजेंगे। एसडीएम ने कलानौर के मौजूद नागरिकों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही समस्या का निवारण किया जाएगा। वहीं, सभी बीएलओ को आदेश दिए कि बिना किसी दबाव के निष्पक्ष रूप से वार्डों की मतदाता सूची पर काम करें।
नई वार्डबंदी के बाद मतदाता सूची वार्ड वाइज तय की जा रही हैं। चुनाव से ठीक पहले चुनाव लड़ने वाले भावी उम्मीदवारों ने नगरपालिका के चक्कर लगाना शुरू कर दिया है। साथ ही वार्डबंदी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उनका मानना है कि सभी वार्डों में मतदाता सूची के साथ छेड़छाड़ हुई है। मतदाताओं को अन्य वार्डों में शिफ्ट किया गया है। बुधवार को पूर्व पार्षद मनजीत सिंह सिक्का अन्य पार्षदों के साथ रोहतक एसडीएम से मुलाकात कर चुके हैं। इसमें उन्होंने सभी वार्डों में मतदाता सूची पर सवाल उठाए हैं। सिक्का का कहना है कि सभी वार्डों के करीबन 200 से 300 मतदाता इधर से उधर कर दिए गए हैं। मतदाताओं के वोट दूसरे वार्ड में शिफ्ट होने से नाराज लोगों ने एसडीएम के सामने अपनी बात रखी है।
वार्ड के 100 से ज्यादा वोट अन्य वार्ड में शिफ्ट किए गए हैं। वहीं, वार्ड एक में करीबन 300 से अधिक मतदाता शिफ्ट किए गए हैं। वहीं अन्य वार्डों का भी यही हाल है। इसके लिए एसडीएम से मुलाकात की गई थी। गुरुवार को नगरपालिका के रैन बसेरा में सभी शिकायतकर्ताओं ने अपनी सूची दी है। एसडीएम रोहतक ने आश्वासन दिया है कि इस पर अमल किया जाएगा।
मनजीत सिंह सिक्का , पूर्व पार्षद
....
आम लोग 23 दिसंबर तक मतदाता सूची को लेकर आपत्ति व सुझाव दे सकते हैं। वार्डबंदी के दौरान जो वार्ड की बाउंड्री रखी गई है उसी के आधार पर मतदाता सूची बनाई गई है। इसके बाद भी अगर गलतियां हुई है तो बीएलओ व एसडीओ को खामियां दूर करने के लिए नियुक्त किया गया है।
आशीष कुमार, एसडीएम, रोहतक