विजिलेंस की गिरफ्त में रिश्वत लेने वाला आरोपी कर्मचारी । विज्ञप्ति
रोहतक/महम। स्टेट विजिलेंस की टीम ने महम में छापा मारकर मार्केट कमेटी महम के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सुंदर को 9 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोप है कि मार्केट कमेटी के ऑक्शन रिकॉर्डर रवींद्र हुड्डा ने पैसे लेने के लिए चपरासी को भेजा था। पुलिस ने आरोपी सुंदर को जहां अदालत में पेश कर शनिवार को दो दिन के रिमांड पर लिया, जबकि रवींद्र हुड्डा के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम सेक्शन 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
डीएसपी विजिलेंस सुमित कुमार ने बताया कि महम के निंदाना गांव निवासी देवेंद्र उर्फ काला ने दी शिकायत में बताया कि वह अपने भतीजे हरीश के साथ महम अनाज मंडी में दो फर्म के साथ मिलकर आढ़त का कार्य करता है। गेहूं के सीजन में किसानों से 6500 क्विंटल गेहूं की खरीद-फरोख्त की थी, जिसके चलते करीब 13 हजार कट्टे सरकारी गोदामों में जमा करवाए हैं। सरकार की तरफ से उनको 46 रुपये प्रति क्विंटल कमीशन मिलता है। साथ ही लेबर का अलग से भुगतान मिलता है। कमीशन की राशि अब तक नहीं मिली है। भुगतान को लेकर मार्केट कमेटी के ऑक्शन रिकार्डर रवींद्र हुड्डा से 9 जून को फोन पर बात हुई। आरोप है कि रवींद्र हुड्डा ने प्रति कट्टा 70 पैसे कमीशन मांगा। कहा कि इसमें 50 पैसे प्रति कट्टा मार्केट कमेटी महम के अधिकारियों व कर्मचारियों और 20 पैसे प्रति कट्टे के हिसाब से फूड एंड सप्लाई महम के अधिकारियों व कर्मचारियों को हिस्सा दिया जाना है। पूरी बातचीत शिकायतकर्ता ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली। साथ ही कहा कि इस तरह आरोपी 9 हजार रुपये मांग रहा है। विजिलेंस ने भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
होटल में अधिकारी की जगह चपरासी आया पैसे लेने
डीएसपी ने बताया कि विजिलेंस के आला अधिकारियों को पूरे मामले के बारे में अवगत करवाया गया। इसके बाद डीसी से ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त करने की मांग की गई। डीसी ने जिला परिषद के डिप्टी सीईओ हरबीर सिंह को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया। तय हुआ कि रिश्वत की राशि हांसी रोड स्थित ढाबे पर दी जाएगी। ढाबे पर मार्केट कमेटी का चपरासी सुंदर पैसे लेने पहुंचा, जिसे विजिलेंस ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
...
वर्जन
मार्केट कमेटी के ऑक्शन रिकॉर्डर रवींद्र हुड्डा के खिलाफ जहां भ्रष्टाचार अधिनियम 7 के तहत केस दर्ज किया गया है, जबकि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सुंदर को रंगे हाथों 9 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।
- सुमित कुमार, डीएसपी विजिलेंस रोहतक