रोहतक। पीपल वाली गली में देर रात बैंक कर्मी से मारपीट कर फोन व नकदी छीनने का वीडियो वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में तीन युवक लाठी-डंडों से पिटाई करते नजर आ रहे हैं। शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में नया पड़ाव जनता कॉलोनी निवासी सचिन ने कहा कि वह दिल्ली के एक बैंक में काम करते हैं। शुक्रवार रात 12 बजे वह रेलवे स्टेशन से पैदल घर जा रहे थे। रास्ते में पीपल वाली गली में तीन युवकों ने रास्ता रोक लिया। स्कूटी सवार युवकों ने फोन मांगा। इसका विरोध करने पर युवकों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जेब से दो हजार रुपये और मोबाइल फोन निकालकर भाग गए। पुलिस की जांच में इस मामले में एक सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। उसमें युवक वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। यही नहीं, उनका एक साथी सड़क पर डंडे लेकर तोड़फोड़ करता दिखाई दिया। पुलिस ने फुटेज के आधार पर युवकों की तलाश शुरू कर दी है।