जिले में रविवार को कोरोना के दो नए संक्रमित मिले हैं। इनमें एक महिला और एक पुरुष है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े के अनुसार अब तक 25870 कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इसमें से 25301 ने कोरोना से जंग जीत ली है। एक सप्ताह से जिले में रोजाना दो नए संक्रमित मिल रहे हैं। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग के रिकार्ड में जिले के अंदर महज तीन कोरोना सक्रिय केस हैं। ये सभी होम आइसोलेशन में हैं। जिले का कोरोना संक्रमण स्तर 5.30 प्रतिशत चल रहा है और रिकवरी रेट 97.74 प्रतिशत है।
उधर, विभाग अभी तक चार लाख 87 हजार 568 लोगों को अपने सर्विलांस पर ले चुका है। जिले में अभी तक 566 कोरोना संक्रमितों ने उपचार के दौरान दम तोड़ा है। लोगों को संक्रमण से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग अभी तक 470461 को कोरोना से बचाव की वैक्सीन लगा चुका है। रविवार को भी विभाग ने 1522 को पहली व 1136 को दूसरी कोरोना से बचाव की वैक्सीन लगाई है।
ब्लैक फंगस के 90 मरीजों में 12 रह गए सक्रिय
जिले में ब्लैक फंगस के 90 मरीजों में से 12 सक्रिय केस रह गए हैं। सभी का मेडिकल गाइडलाइन के अनुसार उपचार चल रहा है। सक्रिय मरीजों के अलावा अन्य मरीजों को पीजीआईएमएस ने फॉलोअप पर रखा हुआ है।
कोरोना से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग तैयार है। कोरोना संक्रमण से बचने के लिए लोग मास्क जरूर लगाएं। साथ ही जारी गाइडलाइन का पालन भी करें। इससे हम संभावित तीसरी लहर पर नियंत्रण पा सकते हैं। सभी लोग समय पर टीकाकरण करवाएं ताकि आने वाले समय में समस्या न हो।
-डॉ. अनिल बिरला, सिविल सर्जन