टिटौली गांव स्थित रविदास मंदिर में जिम खोलने को लेकर हुई कहासुनी के चलते मंगलवार को एक युवक ने दो भाइयों को गोली मार दी। एक को आंख के नीचे गोली लगी, जबकि दूसरे भाई को कंधे व बगल में गोली लगी। घायलों को पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक मदन को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक टिटौली गांव निवासी 26 वर्षीय श्रवण ने दी शिकायत में बताया कि वह ट्रक पर ड्राइवरी करता है। मंगलवार को अपने चचेरे भाई सुधीर उर्फ ठना के साथ किरयाणा की दुकान के बाहर खड़ा था। साथ में टिटौली निवासी सुनील व भानजा जींद के लिजवाना कलां निवासी राकेश भी था। तभी गांव का युवक मदन आया और श्रवण व सुधीर के साथ गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर पिस्तौल निकाल कर दोनों पर फायरिंग करना शुरू कर दिया। इस दौरान सुधीर को दो व श्रवण को एक गोली लगी। भीड़ जमा होती देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
मंदिर में जिम खोलने को लेकर हुई थी कहासुनी
पुलिस के मुताबिक श्रवण ने बयान दर्ज करवाया है कि गांव के रविदास मंदिर में जिम खोला गया था। आरोपी मदन जिम बंद करवाना चाहता है। इस बात को लेकर सोमवार की रात करीब 9 बजे उनकी आरोपी से कहासुनी हुई थी। इसी की रंजिश के चलते आरोपी ने दोनों पर जानलेवा हमला किया है।
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी मदन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की घायल श्रवण व सुधीर के साथ एक दिन पहले मंदिर में जिम को बंद कराने के नाम पर कहासुनी हुई थी। आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
- सोमबीर सिंह, एसआई, जांच अधिकारी